मुंबई, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रसिद्ध पटकथा लेखक सलीम खान का कहना है कि आजकल की फिल्मी हस्तियां आपस में प्यार दिखाने की कोशिश करती हैं, लेकिन वह इसे ‘संभव नहीं’ मानते हैं।
80 वर्षीय दिग्गज ने ट्वीट कर कहा, “प्रतिद्वंदियों के बीच प्यार नहीं हो सकता। केवल शिष्टाचार हो सकता है। पिछले जमाने के सितारे दिलीप साहब (दिलीप कुमार), राज साहब (राज कपूर) और देव साहब (देवानंद) को यह अहसास था और वे 30-40 सालों तक आपस में सम्मान और शिष्टाचार के साथ रहे।”
उन्होंने कहा, “आजकल के सितारे आपस में प्यार जताने की कोशिश करते हैं, जोकि संभव नहीं है। यह किसी घने अंधेरे कमरे में एक ऐसी काली बिल्ली को खोजने की कोशिश है, जो वहां है ही नहीं।”
सलीम के बेटे अभिनेता सलमान खान का शाहरुख खान के साथ कड़वाहट भरा रिश्ता रहा है। हालांकि, बाद में उन दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध देखे गए।
dharmpath.com dharmpath