लॉस एंजेलिस, 11 जनवरी (आईएएनएस)। यहां रविवार रात आयोजित हुए 72वें गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स में मशहूर अभिनेता सिलवेस्टर स्टैलोन और अभिनेत्री केट विंसलेट को मोशन पिक्चर्स की सहायक भूमिकाओं में क्रमश: ‘बेस्ट परफॉरमेंस बाय ऐन एक्टर एंड एक्ट्रेस’ के पुरस्कारों से नवाजा गया।
सिलवेस्टर को यह पुरस्कार ‘क्रीड’ फिल्म में निभाई उनकी भूमिका के लिए दिया गया। इस दौड़ में उनका मुकाबला अन्य अभिनेता पॉल डानो (लव एंड मर्सी), इदरिस अल्बा (बीस्ट्स ऑफ नो नेशन), मार्क रीलांस (ब्रिज ऑफ स्पाइज) और माइकल शैनन (99 होम्स) से था।
वहीं, विंसलेट को एप्पल के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स की बायोपिक ‘स्टीव जॉब्स’ में निभाए जोआना हॉफमैन के किरदार के लिए पुरस्कृत किया गया।
विंसलेट ने पुरस्कार प्राप्त करते समय अपने सह-अभिनेता माइकल फास्सबेंडर को ‘दिग्गज’ बताया। मोशन पिक्चर्स में सहायक भूमिकाओं में बेस्ट परफॉरमेंस बाय ऐन एक्ट्रेस के पुरस्कार की दौड़ में विंसलेट का मुकाबला अभिनेत्री जेन फोंडा (यूथ), जेनिफर जैसन लीघ (द हेटफुल ऐट), हेलेन मिरेन (ट्रंबो) और एलिसिया विकएंडर (एक्स मचीना) से था।
dharmpath.com dharmpath