पेरिस, 30 नवंबर (आईएएनएस)। फ्रांस की राजधानी में जलवायु परिवर्तन पर महत्वपूर्ण सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा होलांद ने सोमवार को स्वागत किया। दुनिया के विभिन्न देशों के नेता इस सम्मेलन में शिरकत करने यहां पहुंचे हैं।
पेरिस जलवायु परिवर्तन सम्मेलन को कांफ्रेंस ऑफ पार्टीज (सीओपी-21) के नाम से भी जाना जाता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, “आज सुबह मोदी का राष्ट्रपति फ्रांस्वा होलांद ने स्वागत किया।”
इंडियन पवेलियन के उद्घाटन के बाद नरेंद्र मोदी काफ्रेंस ऑफ पार्टीज (सीओपी) 21 के उद्घाटन सत्र को सोमवार शाम संबोधित करेंगे।
रविवार को पेरिस पहुंचे मोदी, होलांद द्वारा पूर्ण सत्र के उद्घाटन के बाद कई द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे।
मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ भी द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
इंडियन पवेलियन में देश का प्रकृति व पर्यावरण के साथ सामंजस्य व जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाया गया है।
इस दौरान मोदी होलांद के साथ 122 देशों के सौर गठबंधन को लॉन्च करेंगे।
नई दिल्ली से रविवार को पेरिस प्रस्थान करने से पहले मोदी ने कहा, “राष्ट्रपति फ्रांस्वा होलांद और मैं अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन की एक बैठक की संयुक्त मेजबानी करेंगे।”
मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की मेजबानी में ‘मिशन इनोवेशन’ में भी शिरकत करेंगे।
dharmpath.com dharmpath