सीटीएल : दर्शकों के लिए शुल्क मुक्त होंगे चंडीगढ़ के मैच

चंडीगढ़, 3 नवंबर (आईएएनएस)। चैम्पियंस टेनिस लीग (सीटीएल) की फ्रेंचाइजी पंजाब मार्शल्स के प्रबंधकों ने मंगलवार को सीटीएल के दूसरे संस्करण के मैचों में टिकटों का झंझट खत्म करते हुए दर्शकों के लिए अपने यहां प्रवेश निशुल्क कर दिया।

इसका मतलब सीटीएल के दूसरे संस्करण में 27-28 नवंबर को चंडीगढ़ लॉन टेनिस संघ स्टेडियम में होने वाले मैचों को देखने के लिए दर्शकों को कोई शुल्क नहीं देना होगा।

पंजाब मार्शल्स के मालिक गुरप्रीत सिंह किकी और कुदरत तांबेर ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा, “चंडीगढ़ के युवाओं को दुनिया के कुछ दिग्गज टेनिस खिलाड़ियों को बिना किसी शुल्क के खेलता देखने का यह सुनहरा अवसर होगा। यह अनुभव किसी भी कीमत से परे है और हम ऐसा ही चाहते हैं।”

सीटीएल के पहले संस्करण में भी मार्शल्स अपने घरेलू मैदान पर होने वाले मैचों के लिए प्रवेश निशुल्क रखने वाली एकमात्र टीम थी।

दिग्गज भारतीय टेनिस स्टार विजय अमृतराज के दिमाग की उपज इस टूर्नामेंट का दूसरा संस्करण 23 नवंबर से छह दिसंबर तक खेला जाएगा।

पंजाब मार्शल्स में शामिल खिलाड़ियों में साइप्रस के मार्कोस बगदातिस, पूर्व ब्रिटिश स्टार ग्रेग रूसेद्स्की, यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना और भारत के साकेत मायनेनी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493