सीरियाई कुर्दो को हथियार देने का अमेरिकी फैसला अस्वीकार्य : तुर्की

इस्तांबुल, 10 मई (आईएएनएस)। तुर्की के उप प्रधानमंत्री ने सीरिया में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ लड़ाई में कुर्द लड़ाकों को हथियार मुहैया कराने के अमेरिका के फैसले को बुधवार को ‘अस्वीकार्य’ करार दिया।

अमेरिका द्वारा पीपुल्स प्रोटेक्शन यूनिट्स (वाईपीजी) जैसे समूहों को हथियार मुहैया कराने की घोषणा से तुर्की की भौहें तन गई हैं। तुर्की वाईपीजी को एक आतंकवादी संगठन मानता है।

तुर्की के उप प्रधानमंत्री नुरेत्तिन कानिकली ने टर्किश टेलीविजन से कहा, “आतंकवादी समूह की मान्यता मिलने के बावजूद अमेरिका वाईपीजी को हथियार मुहैया करा रहा है। इससे सच्चाई नहीं बदलती, यह स्वीकार नहीं किया जा सकता।”

अंकारा वाईपीजी को कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (पीकेके) गुरिल्ला समूह से संबद्ध संगठन मानता है, जो पूर्वी तुर्की में सक्रिय है। पीकेके को तुर्की, अमेरिका तथा यूरोपीय संघ आतंकवादी संगठन मानते हैं।

समाचार एजेंसी एफे न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, वाईपीजी को हालांकि अभी अमेरिका तथा यूरोपीय संघ ने आतंकवादी समूह की श्रेणी में नहीं रखा है और सीरिया के राक्का में आईएस के खिलाफ लड़ाई में उसका समर्थन किया है।

आईएस के खिलाफ लड़ाई में कुर्द मिलिशिया के बारे में परस्पर विरोधी दृष्टिकोणों से तुर्की तथा पश्चिमी देशों के बीच ठनी हुई है।

साल 2016 में उत्तरी सीरिया में अंकारा के सैन्य हस्तक्षेप के बाद से ही वाईपीजी तथा तुर्की के समर्थन वाली फ्री सीरियन आर्मी के विद्रोहियों के बीच संघर्ष चरम पर है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493