दमिश्क, 22 मई (आईएएनएस)। आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों ने सीरिया और इराक की सीमा पर स्थित सरकार के नियंत्रण वाली अंतिम सीमा चौकी पर भी कब्जा कर लिया है। सीरिया में एक निगरानी संस्था ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, सीरिया में मानवाधिकार पर्यवेक्षक (एसओएचआर) ने कहा कि आतंकवादी समूह ने अल-तांफ पर सीरिया की ओर से कब्जा कर लिया है। इराक में अल-वलीद के नाम से जानी जाने वाली इस सीमा चौकी से सीरियाई सुरक्षा बल हट गए जिसके बाद आईएस ने उस पर कब्जा कर लिया।
अल-तांफ पर कब्जा करने से एक दिन पहले आईएस ने मध्य सीरिया के प्राचीन शहर पल्माइरा को अपने अधिकार में ले लिया था।
एसओएचआर के मुताबिक आईएस ने सीरिया में 95,000 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है जो कि पूरे देश का 50 फीसदी है।
अल-तांफ चौकी पर आईएस के कब्जे के बाद सीरिया की सेना ने इराक की सीमा से लगते अपनी सभी सीमा चौकियों पर से नियंत्रण खो दिया है। इससे पहले आतंकवादी समूह सीरिया के पूर्वी प्रांत दायर अल-जोर स्थित बुकामल सीमा चौकी पर कब्जा कर चुका है।
सीरियाई सेना पिछले महीने जॉर्डन की सीमा से लगते नासिब सीमा चौकी से भी आधिपत्य खो चुकी है। इस सीमा चौकी को अलकायदा से संबंधित नुसरा फ्रंट ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सीरिया सरकार के अधिकार में अभी फिलहाल लेबनान के साथ स्थित दो सीमा चौकियां हैं। उत्तर और पूर्व में स्थित सभी सीमा चौकियों पर विभिन्न विद्रोही समूहों ने कब्जा कर लिया है।
dharmpath.com dharmpath