तेहरान, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जावाद जरीफ शुक्रवार को रूस और सीरियाई समकक्षों के साथ त्रिपक्षीय बैठक के लिए मास्को जाएंगे।
तसनीम न्यूज एजेंसी की बुधवार की रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम कासेमी ने बताया कि हाल में सीरिया में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल और सीरियाई हवाईअड्डे पर अमेरिकी हमले के मद्देनजर यह बैठक हो रही है।
इस बीच ईरान के रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल हुसैन देहकान और उनके रूसी समकक्ष सर्गेई शोगू ने सीरिया की हालिया घटनाओं पर बातचीत की।
दोनों पक्षों ने मंगलवार को टेलीफोन पर बातचीत में इस क्षेत्र में आतंकवाद और असुरक्षा के अन्य स्रोतों के खिलाफ अभियान में संयुक्त प्रयास जारी रखने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
सीरिया 2011 से गृह युद्ध की चपेट में है।
सीरियन सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक, संघर्ष में अब तक 4,70,000 से ज्यादा लोग मारे गए हैं और 19 लाख लोग घायल हुए हैं। इसके साथ ही देश की युद्ध से पूर्व जनसंख्या करीब 2.3 करोड़ में से आधी आबादी देश के भीतर या सीमा से बाहर विस्थापित हुई है।
dharmpath.com dharmpath