लंदन, 27 सितंबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन सीरिया के गृह युद्ध को समाप्त करने के लिए एक नई राजनयिक पहल कर रहे हैं। रविवार को न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र में विश्व के कई नेताओं से मुलाकात के दौरान कैमरन इस मुद्दे पर बात करेंगे।
बीबीसी के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि कैमरन अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा समेत कई देशों के नेताओं से मिलेंगे। बातचीत में उनका जोर सीरिया मसले के शांतिपूर्ण हल पर होगा। वह इस बात को उठाएंगे कि शांति के लिए जरूरी है कि सीरिया की कमान एक ऐसे नेता के हाथ में सौंपी जाए जिसे देश के हर तबके और इलाके का समर्थन हासिल हो।
कैमरन इस बात पर जोर देंगे कि सीरिया में राष्ट्रीय मेलमिलाप के लिए राष्ट्रपति बशर अल असद को पद छोड़ देना चाहिए।
एक वरिष्ठ ब्रिटिश अफसर ने कहा, “हमारा मत बिल्कुल साफ है। असद और इस्लामिक स्टेट, दोनों ही सीरिया के लोगों के दुश्मन हैं।”
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री (कैमरन) की यह सोच स्पष्ट है कि आखिर में एक शांतिपूर्ण और सबको साथ लेकर चलने वाले सीरिया को बनाने के लिए आपको एक अलग नेता की जरूरत पड़ेगी।”
ब्रिटिश अधिकारियों ने चेतावनी दी कि राष्ट्रपति असद के समर्थन में रूस की सैन्य कार्रवाइयों ने चार साल पुराने इस मसले को और जटिल बना दिया है।
इस आशय की खबरें हैं कि हाल के दिनों में रूस ने लातिका वायुसेना अड्डे और तारतस बंदरगाह के इलाकों में लड़ाकू विमान, हेलीकाप्टर, टैंक, ड्रोन, तोपें और सैनिक भेजे हैं।
इस बीच, फ्रांस के विदेश मंत्री लॉरेंट फाबियस ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि सीरिया के भविष्य में राष्ट्रपति असद की कोई भूमिका नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी देश खुद को असफलता की तरफ ले जाएंगे अगर वे सीरिया के लोगों से यह कहेंगे कि उनका भविष्य असद से जुड़ा हुआ है।
गुरुवार को जर्मन चांसलर एंजेला मार्कल ने कहा था कि शांति वार्ता में असद को शामिल किया जाना चाहिए। लेकिन, फाबियस ने कहा कि इस तरह की किसी भी बात के बारे में यूरोप को संयुक्त और साझा रणनीति बनानी होगी।
dharmpath.com dharmpath