सरकारी समाचार एजेंसी एसएएनए के अनुसार, दमिश्क में राष्ट्रपति कार्यालय के एक बयान में कहा गया, “सीरिया ने रूस से वायु सेना की मदद के लिए निवेदन किया था, जिस पर रूस के राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रपति बशर अल-असद को एक पत्र भेजकर मंजूरी जता दी गई।”
दो सप्ताह पहले सीरिया के विदेश मंत्री वालिद अल-मोआलेम ने एक साक्षात्कार में कहा था कि जरूरत पड़ने पर उनकी सरकार रूस सेना को सहायता के लिए कह सकती है। इसके एक दिन बाद रूस के अधिकारियों ने कहा कि सीरिया को मदद प्रदान करने के लिए मॉस्को तैयार है।
रूस के राष्ट्रपति प्रशासन प्रमुख सरजेई इवानोव ने कहा कि बुधवार सुबह संसद के उच्च सदन रूसी फेडरेशन काउंसिल ने सीरिया में सशस्त्र बल भेजने की राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन को मंजूरी दे दी।
समाचार एजेंसी तास के अनुसार, इवानोव ने कहा, “फेडरेशन काउंसिल ने एकमत से राष्ट्रपति के निवेदन को मंजूर कर लिया।”
इवानोव के मुताबिक, सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद के निवेदन पर आईएस के खिलाफ लड़ाई में केवल वायु सेना को भेजा जाएगा।
dharmpath.com dharmpath