मेड्रिड, 11 मई (आईएएनएस)। स्पेन के क्लब एटलेटिको मेड्रिड के मैनेजर डिएगो सिमवन ने सोमवार को कहा कि एफसी बार्सिलोना के स्टार स्ट्राइकर लियोनेल मेसी को अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौटने में नेमार और लुइस सुआरेज की अहम भूमिका है।
अर्जेटीनी टीम के कप्तान मेसी मौजूदा सत्र में शानदार लय में नजर आ रहे हैं, तथा चैम्पियंस लीग में पहले चरण के सेमीफाइनल मैच में उनके दो गोलों की बदौलत बार्सिलोना, बायर्न म्यूनिख को 3-0 से मात देने में सफल रहा।
वेबसाइट ‘गोल डॉट कॉम’ पर सोमवार को प्रकाशित अपने स्तंभ में सिमवन ने कहा, “वह असाधारण प्रतिभा के धनी खिलाड़ी हैं तथा बायर्न के साथ पिछले मैच के बाद उन्हें लेकर काफी कुछ लिखा जा चुका है। मेसी को रोकने को लेकर भी काफी राय आ चुकी है। लेकिन यह इतना आसान भी नहीं है।”
सिमवन ने कहा, “हालांकि यह सिर्फ मेसी की बात नहीं है, यह पूरी बार्सिलोना टीम की बात है।”
उन्होंने कहा, “सुआरेज ने बार्सिलोना को आक्रामकता दी है, वहीं नेमार पलटवार करने में माहिर हैं। इवान रैकिटिक मध्य पंक्ति में बार्सिलोना को और आक्रामक बनाते हैं। जेवियर मास्केरान्हो की अगुवाई में रक्षापंक्ति बेहद मजबूत है और गेरार्ड पिक भी मौजूदा सत्र में शानदार फॉर्म में हैं।”
सिमवन ने कहा, “बार्सिलोना एक टीम के रूप में काफी सशक्त है और इस टीम में मेसी व्यक्तिगत तौर पर सर्वश्रेष्ठ दौर में हैं। लेकिन वह भी टीम के समर्थन के बिना यह नहीं कर सकते थे।”
मेसी मौजूदा सत्र में हर तरह के प्रतिस्पर्धाओं में कुल 53 गोल कर चुके हैं और चैम्पियंस लीग में भी वह सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बनने के काफी करीब हैं। अगर वह ऐसा करते हैं तो अपने चिर प्रतिद्वंद्वी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पछाड़ देंगे।
dharmpath.com dharmpath