मुंबई, 30 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म ‘कमांडो’ से चर्चा में आए अभिनेता विद्युत जामवाल फिल्म निर्देशक सुजॉय घोष की अगली फिल्म में काम नहीं कर रहे हैं। सुजॉय की अगली फिल्म उपन्यास ‘द डिवोशन ऑफ द सस्पेक्ट एक्स’ पर आधारित होगी, जिसमें सैफ अली खान और कंगना रनौत हैं।
विद्युत ने बयान में कहा, “मैं इस तरह की फिल्मों में खुद को फिट नहीं पाता। मैं सुजॉय से कई बार मिला हूं, लेकिन मैंने उनके साथ फिल्म के विषय में किसी तरह का अनुबंध नहीं किया है। फिल्म की कहानी रोचक लग रही है, लेकिन यह मेरे लिए नहीं है। सुजॉय एक महान निर्देशक हैं। मैं भविष्य में उनके साथ काम करना चाहूंगा।”
विद्युत की दो फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं, जिनमें से एक निर्देशक तिग्मांशू धूलिया की फिल्म ‘यारा’ हैं। इसमें विद्युत के साथ श्रुति हसन मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। दूसरी फिल्म ‘कमांडो 2’ है, जिसे विपुल शाह द्वारा जल्द ही शुरू किया जाएगा।
विद्युत को उम्मीद है कि ‘कमांडो’ का सीक्वल इस फ्रेंचाइजी को आगे ले जाने में सफल होगा।
dharmpath.com dharmpath