सुपर कप : नेरोका ने केरला को 3-2 से मात दी

भुवनेश्वर, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। आई-लीग क्लब नेरोका एफसी ने सुपर कप के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में शुक्रवार को दो गोल से पिछड़ने के बाद दमदार वापसी करते हुए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की क्लब केरला ब्लास्टर्स को 3-2 से हराया।

केरला ने मैच की शुरुआत में आई-लीग में दूसरे पायदान पर रही नेरोका एफसी पर दबाव बनाया। मैच के छठे मिनट में ही केरल को फ्री-किक मिली लेकिन ओइनम मिलान सिंह गेंद को गोल में डालने में कामयाब नहीं हो पाए।

फ्री-किक मिलने के छह मिनट बाद ही केरला को पेनाल्टी मिली। केरला के स्पेनिश खिलाड़ी विक्टर पोल्गा ने पेनाल्टी को गोल में तब्दील करके टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

एक गोल की बढ़त बनाने के बाद केरला का आत्मविश्वास बढ़ा लेकिन नेरोका की डिफेंस ने उन्हें गोल करने का एक भी आसान मौका नहीं दिया। मैच के 26वें मिनट में केरला ने एक अच्छा काउंटर अटैक किया लेकिन प्रशांथ गेंद को नेरोका के गोल पोस्ट पर मार बैठे।

केरला द्वारा किए गए इस काउंटर अटैक के बाद नेरोका ने खेल को धीरे किया और ज्यादा समय तक गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा।

दूसरा हाफ की शुरुआत भी केरला ब्लास्टर्स से लिए अच्छी रही और प्रशांत ने 49वें मिनट में टीम के लिए दूसरा गोल।

दो गोल से पिछड़ रहे नेरोका के लिए पहला गोल 71वें मिनट में जीन-मिशेल जोकिम ने किया। पहला गोल मारने के बाद, नेरोका का खेल और बेहतर हुआ। मैच के 80वें मिनट में आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एरिन विलियम्स ने दाएं छोर से मिले क्रॉस पर हेडर से गोल कर नेरोका की मैच में वापसी करा दी।

इसके दो मिनट बाद, केरला के खिलाड़ी वेस ब्राउन का हाथ बॉक्स के अंदर गेंद पर लगा जिसके कारण नेरोका को पेनाल्टी मिली। तोहफे के रूप में मिली इस पेनाल्टी को गोल में बदलकर फेलिक्स चिदि ने नेरोका को टूर्नामेंट के अगले दौर में पहुंचा दिया।

सुपर कप के क्वार्टर फाइनल के लिए आई-लीग की पांच और आईएसएल की तीन टीमों ने क्वालीफाई किया है। टूर्नामेंट का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला आईजोल एफसी और ईस्ट बंगाल के बीच 8 अप्रैल को खेला जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493