मुंबई, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा आठवें संस्करण में लगातार तीन हार झेलने वाली मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को कहा कि टीम अब तक मिली असफलताओं को पीछे छोड़ शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाले मैच में अच्छा प्रदर्शन करना चाहती है।
मुंबई को मंगलवार को सरदार पटेल स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में सात विकेट से हार झेलनी पड़ी। इससे पहले उन्हें आईपीएल-8 के अपने पहले मैच में मौजूदा चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स और दूसरे मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के हाथों भी हार मिली थी।
रोहित ने बुधवार को कहा, “अब हमें अगला मैच अपने घरेलू मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलना है। हमारे लिए यह एक अहम मैच होगा। हमें उनके खिलाफ अच्छा खेलना होगा। पिछले तीन मैचों में जो कुछ हुआ उसे हम पीछे छोड़कर अगले मैच में सकारात्मक ऊर्जा के साथ उतरना चाहते हैं।”
रोहित ने कहा, “हमें पता है कि हम लगातार तीन मैच हार चुके हैं। कुछ मामलों में हम असफल रहे हैं। हम उन पर मेहनत कर रहे हैं। हम जिन चीजों की वजह से असफल हो रहे हैं हमें उनसे पार पाना होगा।”
रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच में रोहित ने अपनी बल्लेबाजी क्रम को नीच खिसका दिया और चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरे।
अपने इस निर्णय पर रोहित ने कहा, “निचले क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरने के पीछो कोई कारण नहीं था। हम बस टीम के लिए सही बल्लेबाजी क्रम और बल्लेबाजी जोड़ियां तलाश रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath