मुंबई, 18 जून (आईएएनएस)। आने वाली फिल्म ‘गुड्डू रंगीला’ के प्रचार में व्यस्त अभिनेता अमित साध का कहना है कि उनके लिए इस फिल्म को मौजूदा शैलियों में से किसी एक में रख पाना मुश्किल है। इसके बजाए वह फिल्म को ‘सुभाष कपूर शैली की फिल्म’ कहना चाहेंगे।
उन्होंने कहा, “सुभाष कपूर एक दिग्गज निर्देशक हैं, जिन्होंने ‘जॉली एलएलबी’ जैसी फिल्म का निर्देशन किया था। हम पिछले तीन दिनों से फिल्म का प्रचार कर रहे हैं और सब हमसे पूछ रहे हैं कि यह किस शैली की फिल्म है। मुझे लगता है कि अब एक नई शैली का जन्म हुआ है-सुभाष कपूर शैली।”
सुभाष कटाक्ष और वास्तविकता को मिलाकर ‘फंस गए रे ओबामा’ और ‘जॉली एलएलबी’ जैसी फिल्में बना चुके हैं।
अमित ने कहा कि सुभाष ने ‘जॉली एलएलबी’ में अरशद (अभिनेता अरशद वारसी) को मुश्किल में डाल दिया था और अब ‘गुड्डू रंगीला’ में हमें मुश्किल में डाल दिया है।
उन्होंने कहा, “आशा है कि वे हमें इसी तरह मुश्किल में डालते रहेंगे और ऐसी ही बढ़िया फिल्में बनाते रहेंगे।”
फिल्म ‘गुड्डू रंगीला’ तीन जुलाई को सिनेमाघरों में आ रही है। फिल्म में अरशद वारसी, अदिति राव हैदरी और रोनित रॉय ने भी काम किया है।
dharmpath.com dharmpath