सेंचुरियन, 13 जनवरी (आईएएनएस)। तेज गेंदबाजों की मददगार समझी जाने वाली सुपरस्पोर्ट पार्क की पिच पर भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपनी फिरकी का दम दिखाया है।
यहां खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शनिवार को दूसरे सत्र में अश्विन ने दो विकेट अपने नाम किया, वाबजूद इसके दक्षिण अफ्रीका मजबूत स्थिति में है और उसने चायकाल तक 56 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 182 रन बना लिए हैं।
दूसरे सत्र का खेल खत्म होने तक हाशिम अमला 35 और अब्राहम डिविलियर्स 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।
अश्विन ने इस सत्र में डीन एल्गर को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। वहीं उन्होंने एडिन मार्कराम (94) को शतक पूरा करने से रोक दिया।
मेजबान टीम ने पहले सत्र का अंत बिना किसी विकेट के नुकसान पर 78 रनों के साथ किया था। दूसरे सत्र के तीसरे ओवर में ही अश्विन ने 85 के कुल स्कोर पर एल्गर को मुरली विजय के हाथों कैच कराया।
मार्कराम को अमला का साथ मिला और दोनों ने स्कोर 148 तक पहुंचा दिया। मार्कराम अपने शतक से छह रन दूर थे तभी अश्विन की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर पार्थिव पटेल के हाथों में जा समाई। मार्कराम ने अपनी पारी में 150 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके लगाए हैं।
अश्विन के अलावा जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा, हार्दिक पांड्या, को एक भी विकेट नहीं मिला।
अमला और डिविलियर्स के बीच अभी तक तीसरे विकेट के लिए 34 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
dharmpath.com dharmpath