सेंसेक्स, निफ्टी में 1 फीसदी से अधिक तेजी (साप्ताहिक समीक्षा)

मुंबई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह एक फीसदी से अधिक तेजी रही। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सप्ताह 1.00 फीसदी यानी 259.71 अंकों की तेजी के साथ शुक्रवार को 26,128.20 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 1.10 फीसदी यानी 86.15 अंकों की तेजी के साथ 7,942.70 पर बंद हुआ।

पिछले सप्ताह सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में तेजी रही। हीरो मोटोकॉर्प (5.48 फीसदी), गेल (5.38 फीसदी), टाटा मोटर्स (3.65 फीसदी), रिलायंस इंडस्ट्रीज (3.50 फीसदी) और भारतीय स्टेट बैंक (2.70 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी रही।

सेंसेक्स के गिरावट वाले शेयरों में प्रमुख रहे डॉ. रेड्डीज लैब (7.46 फीसदी), मारुति सुजुकी (3.34 फीसदी), टीसीएस (1.79 फीसदी), वेदांता (1.40 फीसदी) और एनटीपीसी (1.12 फीसदी)।

गत सप्ताह मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी एक फीसदी से अधिक तेजी रही। मिडकैप 1.16 फीसदी या 126.16 अंकों की तेजी के साथ 10,984.57 पर और स्मॉलकैप 1.57 फीसदी या 178.13 अंकों की तेजी के साथ 11,545.84 पर बंद हुआ।

संसद का शीतकालीन सत्र गुरुवार 26 नवंबर से शुरू हो गया। निवेशकों का ध्यान इस सत्र में सरकार वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित कराए जाने की संभावना पर टिका रहेगा। यह सत्र 23 दिसंबर 2015 तक चलेगा।

जीएसटी विधेयक लोकसभा में पारित हो चुका है। यह राज्यसभा में लंबित है, जहां सरकार अल्पमत में है। यह संविधान संशोधन विधेयक है। इसलिए इसके लिए संसद के दोनों सदनों में दो तिहाई बहुमत से पारित कराया जाना जरूरी है। इसके बाद भी कानून बनने के लिए इसकी देश के कम से कम आधे राज्यों के विधानसभा से भी पुष्टि करानी होगी। जीएसटी को आजादी के बाद अप्रत्यक्ष कर में सबसे बड़ा सुधार माना जा रहा है। इसके लागू होने से पूरा देश एक अखंड बाजार बन जाएगा और अधिकांश अप्रत्यक्ष कर इसमें समाहित हो जाएंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493