स्टॉकहोम, 4 मई (आईएएनएस)। स्वीडिश एकेडमी ने शुक्रवार को कहा कि सेक्स स्कैंडल के कारण 2018 में साहित्य के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार की घोषणा नहीं की जाएगी।
एकेडमी ने कहा कि संगठन यौन व वित्तीय घोटाले में फंस गया है इसलिए इस साल साहित्य के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार प्रदान नहीं किया जाएगा।
एकेडमी में मौजूद 10 सदस्यों की गुरुवार को हुई बैठक के बाद स्वीडन के इस अति सम्मानित संस्थान ने शुक्रवार को अपने फैसले की घोषणा की।
एकेडमी ने फ्रेंच फोटोग्राफर जीन क्लाउड अरनॉल्ट के खिलाफ यौन उत्पीड़न के सिलसिलेवार आरोपों के बाद यह फैसला लिया है। अरनॉल्ट स्वीडन में सांस्कृतिक क्षेत्र में काफी चर्चित चेहरा हैं और वह एकेडमी की सदस्य व कवयित्री कटरीना फ्रोस्टेसन के पति हैं।
कटरीना समेत एकेडमी के छह सदस्यों ने यौन उत्पीड़न के इन मामलों के उजागर होने के बाद संस्थान से अपना इस्तीफा दे दिया है।
पिछले 75 साल में पहली बार ऐसा होगा कि जूरी इस साल साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार की घाषणा नहीं करेगी। एकेडमी ने कहा कि 2018 के साहित्य में नोबेल विजेता की घोषणा 2019 के विजेता के साथ ही किया जाएगा।
एकेडमी के स्थायी सचिव एंडर्स ओलसोन ने एक बयान में कहा, “हम एकेडमी के प्रति लोगों का भरोसा हासिल करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं ताकि अगले साल साहित्य में नोबेल विजेता की घोषणा की जा सके।”
नोबेल फाउंडेशन ने यह स्पष्ट किया कि इस फैसले से अन्य क्षेत्रों में नोबेल पुरस्कार प्रदान करने पर कोई असर नहीं होगा।
dharmpath.com dharmpath