सैफ कप : फाइनल में पहुंचा भारत, अफगानिस्तान से होगी भिड़ंत (राउंडअप)

तिरुवनंतपुरम, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। स्टार स्ट्राइकर जेजे लालपेख्लुआ के दो गोलों की बदौलत भारतीय फुटबाल टीम ने गुरुवार को त्रिवेंद्र अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में हुए बेहद रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में मालदीव को 3-2 से हराते हुए सैफ कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

गुरुवार को ही हुए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान ने श्रीलंका को 5-0 से करारी शिकस्त दे दी।

अब भारत और अफगानिस्तान की टीमें रविवार को खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी।

भारतीय टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने मैच के 25वें मिनट में भारत का खाता खोला।

इसके बाद लालपेख्लुआ ने 34वें और 66वें मिनट में दो गोल कर टीम को जीत दिला दी।

मालदीव के लिए अहमद नाशिद ने 45वें और अमदान अली ने 75वें मिनट में दूसरा गोल किया।

मालदीव के खिलाफ सैफ कप में भारत की यह लगातार सातवीं जीत है।

मैच शुरू होने के साथ ही छह बार की विजेता भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की और लगातार हमलों का उसे 25वें मिनट में फायदा मिला।

भारत के यूजेनसन लिंगदोह के दूर से ही लगाए गए शॉट को मालदीव के गोलकीपर इमरान मोहम्मद ने बचा लिया। लेकिन गोलकीपर से छूटकर गेंद छेत्री के पास आई और छेत्री का शॉट गोलकीपर के चेहरे के बिल्कुल करीब से होते हुए नेट में समा गई।

पहला गोल कर ऊर्जा में लौट चुकी भारतीय टीम ने आक्रामकता और बढ़ा दी। नरजारी ने मालदीव के डिफेंडरों के बीच से जेजे को पास दिया, जिसे जेजे ने शाफियू अहमद को छकाते हुए 34वें मिनट में गोलपोस्ट का रास्ता दिखा दिया।

मध्यांतर से पहले ही दो गोल खा चुकी मालदीव टीम अब जाकर कुछ चेती और जोरदार हमले करने शुरू कर दिए।

ये हमले मालदीव के पक्ष में गए और मध्यांतर से ठीक पहले इंजुरी टाइम में नाशिद ने अपनी टीम के लिए पहला गोल कर दिया और मैच को एकतरफा होने से बचा लिया।

हालांकि भारतीय टीम मध्यांतर तक एक गोल की बढ़त कायम रखने में सफल रही।

मालदीव ने मध्यांतर के बाद अच्छी शुरुआत की, लेकिन मेजबान भारत ने जल्द ही गेंद पर नियंत्रण पा लिया और मालदीव के गोलपोस्ट पर हमले शुरू कर दिए।

मैच के 66वें मिनट में लालपेख्लुआ ने कप्तान छेत्री के पास पर अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल कर दिया।

इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के मौजूदा चैम्पियन चेन्नइयन एफसी के लिए खेलने वाले स्टार स्ट्राइकर छेत्री ने मालदीव के अमदान अली और शाफियू अहमद को छकाते हुए गोलकीपर के दाहिनी ओर से जेजे को यह पास दिया।

मालदीव पर 3-1 से बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम हालांकि इसके बाद बचाव में थोड़ी ढीली नजर आई, जिसका मालदीव ने पूरा फायदा उठाया। अमदान अली ने मैच के 75वें मिनट में अपनी टीम का दूसरा गोल दाग दिया।

मालदीव के दूसरा गोल दागते ही भारतीय टीम फिर से चौंकन्नी हो गई और अपनी रक्षापंक्ति को मजबूत कर लिया। इसके बाद मालदीव टीम लाख प्रयास के बावजूद एक भी गोल नहीं कर पाई।

दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद हाशमी ने मध्यांतर से ठीक पहले इंजुरी टाइम में, कनिष्क ताहिर ने 50वें, खैबर अमानी ने 56वें, अहमद अराश हतिफी ने 78वें और फैजल शाइस्ता ने 89वें मिनट में एक-एक गोल किए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493