नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने दक्षिण एशिया फुटबाल चैम्पियनशिप (सैफ) का खिताब लगातार चौथी बार जीतने वाली भारत की महिला फुटबाल टीम को मंगलवार को पुरस्कृत किया।
एआईएफएफ अध्यक्ष प्रफुल पटेल ने केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल और भारतीय महिला फुटबाल संघ की प्रमुख सारा पेलेट की मौजूदगी में लगातार चार खिताब जीतकर अपना वर्चस्व बनाए रखने वाली भारतीय महिलाओं को 25 लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।
खास बात यह है कि भारतीय महिला टीम को भारतीय महिला फुटबाल लीग के लांच के मौके पर यह पुरस्कार मिला। साथ ही मंगलवार को भारत में नेशनल गर्ल चाइल्ड डे के रूप में भी मनाया जाता है।
गोयल, पटेल और पेलेट ने भारतीय टीम की मौजूदा कप्तान बाला देवी को 25 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। यह पुरस्कार सभी खिलाड़ियों के लिए है।
इस मौके पर पटेल ने कहा कि भारतीय महिला टीम अभी फीफा रैंकिंग में 54वें स्थान पर काबिज है जबकि पुरुष टीम 129वें स्थान पर है। ऐसे में अगर महिला टीम ने सही दिशा में विकास किया तो फिर उसके 2019 विश्व कप में खेलने का मौका बन सकता है और पूरा देश यह जानकर हैरान होगा कि पुरुषों से पहले महिलाओं ने विश्व कप में हिस्सा लेने का कारनामा कर दिखाया।
dharmpath.com dharmpath