लंदन, 31 मई (आईएएनएस)। लेफ्ट आर्म स्पिनर सैम कुरेन को चोटिल हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स के कवर के तौर पर इंग्लैंड की टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड को शुक्रवार से पाकिस्तान के साथ दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच खेलना है।
वेबसाइट ईएसपीएन क्रिकइंफो के अनुसार, टॉम कुरेन के छोटे भाई 19 साल के सैम को अगर अंतिम एकादश में मौका दिया जाता है तो वह अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर का पदार्पण करेंगे। सैम के भाई टॉम एशेज सीरीज के आखिरी दो टेस्ट मैचों में खेल चुके हैं।
स्टोक्स बुधवार को अभ्यास के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय चोटिल हो गए थे। इंग्लैंड की मेडिकल टीम अब उनके चोट की जांच करेगी और फिर आगे की स्थिति के बारे में जानकारी देगी।
स्टोक्स के चोटिल होने से क्रिस वोक्स को अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है। लॉर्ड्स टेस्ट मैच में वह 12वें खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल थे।
यदि सैम को टीम में खेलने का मौका मिलता है तो वह 19 साल की उम्र में इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सातवें युवा खिलाड़ी होंगे। जिम्बाब्वे के स्वर्गीय केविन कुरेन के पुत्र सैम की गेंदबाजी की स्विंग को देखकर उनकी तुलना पाकिस्तान के दिग्गज वसीम अकरम से की जाती हैं।
dharmpath.com dharmpath