मुंबई, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया (एसपीएन) को यूईएफए यूरो 2020 और यूईएफए नेशंस लीग के पहले संस्करण के टेलीविजन तथा डिजिटल प्रसारण के अधिकार मिल गए हैं।
बुधवार को इसकी घोषणा की गई।
यूईएफए नेशंस लीग में यूरोपीय फुटबाल महासंघ (यूईएफए) के 55 देश हिस्सा लेंगे। यह लीग यूरोप में बड़े स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय दोस्ताना मैचों का स्थान लेगी। इस सप्ताह से ही इस लीग के पहले संस्करण की शुरुआत होने जा रही है।
इसके अलावा, यूरो-2020 के 16वें संस्करण का आयोजन अपने पिछले संस्करणों की तरह ही अनूठा होगा। इस संस्करण का आयोजन किसी एक देश के द्वारा नहीं बल्कि यूरोप के पूरे 12 देशों द्वारा 12 अलग शहरों में किया जाएगा। इस टूर्नामेंट की यह 60वीं वर्षगांठ होगी।
यूरो 2020 टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से होगी और इसका समापन 12 जुलाई को होगा, जिसमें 24 टीमें हिस्सा लेंगी।
सोनी को मिले प्रसारण अधिकार पर सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया (एसपीएन) में मुख्य राजस्व अधिकारी वितरण और खेल के प्रमुख राजेश कौल ने कहा, “हमारा लक्ष्य विश्व भर से फुटबाल के रोमांचक पलों को अपने खेल प्रशंसकों को दिखाना है। हम यूईएफए नेशंस लीग और यूरो-2020 के मीडिया अधिकार पाकर बेहद खुश हुए हैं।”
dharmpath.com dharmpath