मोगादिशू, 26 अगस्त (आईएएनएस)। सोमालिया की राजधानी मोगादिशू में एक रेस्तरां के पास अल-शबाब आतंकवादियों द्वारा किए गए एक कार बम विस्फोट में कम से कम नौ लोग मारे गए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मोगादिशू पुलिस प्रमुख बशर अली गेदी ने कहा, “हमले में दो पुलिस अधिकारियों और पांच नागरिकों की जान चली गई।”
गेदी ने बताया, “गुरुवार देर रात हुए आत्मघाती बम विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को एक मुठभेड़ में दो हमलावरों को मार गिराया और एक अन्य को पकड़ लिया और रेस्तरां के अंदर फंसे अधिकांश नागरिकों को बचा लिया।”
यह रेस्तरां तुर्की दूतावास परिसर के पास लीडो समुद्र तट पर स्थित है।
सोमाली सरकार के खिलाफ लड़ रहे अल-शबाब इस्लामी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि अस्पताल में भर्ती कुछ लोगों की हालत गंभीर है।
अल-शबाब ने मोगादिशू पर लगातार हमले किए हैं। ताजा हमला ऐसे समय में हुआ है, जब सितंबर और अक्टूबर में सोमालिया के चुनाव होने हैं।
dharmpath.com dharmpath