चेन्नई, 7 फरवरी (आईएएनएस)। दिग्गज तमिल अभिनेता नसीर आगामी हॉलीवुड फिल्म ‘सोलर एक्लिप्स’ में पुलिस अधीक्षक की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में नसीर के साथ ओम पुरी, रजित कपूर और अनंत महादेवन भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
नसीर की पत्नी कमीला ने आईएएनएस को बताया, “यह उनकी चौथी अंग्रेजी फिल्म और दूसरी हॉलीवुड फिल्म होगी।”
फिल्म की कहानी इस तथ्य पर आधारित है कि पुलिस महकमे को 1948 में महात्मा गांधी की हत्या की साजिश के बारे में जानकारी थी।
फिल्म की कहानी को तथ्यों और काल्पनिक तानो-बानों के साथ बुना गया है।
नसीर फिलहाल मलेशिया में रजनीकांत की फिल्म ‘काबली’ की शूटिंग में व्यस्त हैं।
कमीला ने बताया, “इस परियोजना की शूटिंग 16 फरवरी को शुरू होगी। 17 फरवरी को नसीर टीम में शामिल होंगे और एक दिन की शूटिंग के बाद वह काबली के सेट पर लौट जाएंगे। वह इस फिल्म में अपने किरदार के अधिकांश हिस्से की शूटिंग मार्च में करेंगे।”
फिल्म महात्मा गांधी की हत्या के दौरान तीन पुलिस अधिकारियों की जिंदगी पर आधारित है, जिसमें नसीर अशोक का किरदार निभाएंगे जिन पर गांधी की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी।
अंतर्राष्ट्रीय अभिनेता जीसस सैंस महात्मा गांधी की भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्माण ‘नगेन मीडिया’ कर रही है और निर्देशन करीम त्रियादिया द्वारा किया जा रहा है। फिल्म का संगीत प्रशांत पिल्लई का है।
dharmpath.com dharmpath