नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। गत वर्ष दिल्ली में हुए स्कूल गेम्स में 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली युवा एथलीट सिंथिया फ्रांसिस का कहना है कि उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें आगे अच्छा करने के लिए प्रेरित किया है।
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। गत वर्ष दिल्ली में हुए स्कूल गेम्स में 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली युवा एथलीट सिंथिया फ्रांसिस का कहना है कि उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें आगे अच्छा करने के लिए प्रेरित किया है।
14 साल की सिंथिया ने पिछले साल दिल्ली में हुए स्कूल गेम्स में 200 मीटर में अपना सर्वश्रेष्ठ समय, 26.9 सेकेंड निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता था।
सिंथिया ने आईएएनएस के साथ साक्षात्कार में कहा, “200 मीटर में सर्वश्रेष्ठ समय के साथ सोना जीतना एक सुखद अहसास है। इस प्रदर्शन ने मुझे आगे और भी अच्छा करने के लिए प्रेरित किया है।”
सिंथिया फ्रांसिस अभी नौंवीं कक्षा में पढ़ रही हैं, साथ ही वह अपनी ट्रेनिंग भी कर रही हैं। यह पूछे जाने पर कि आगे पढ़ाई करनी है या दौड़ में करियर बनाना है, उन्होंने कहा, “दौड़ में ही करियर बनाना है, लेकिन अभी पढ़ाई पूरी करना चाहती हूं क्योंकि पढ़ाई के बिना शायद एक अच्छी धावक न बन पाऊं।”
अपने अगले लक्ष्य के बारे में पूछे जाने पर सिंथिया ने कहा, “मेरा अगला लक्ष्य यूथ नेशंस और यूथ ओलम्पिक में देश के लिए पदक जीतना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए मैं कड़ी मेहनत कर रही हूं और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अपने कोच रावत सर के साथ ट्रेनिंग कर रही हूं।”
सिंथिया के पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं जबकि माता ब्रिटिश दूतावास में क्लर्क हैं।
उन्होंने कहा, “बचपन से ही मुझे खेलों से लगाव है और यही कारण है कि मेरे माता-पिता ने मुझे खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। खेलों को लेकर मेरे माता-पिता मेरा काफी समर्थन करते हैं।”
dharmpath.com dharmpath