‘स्टार परिवार’ पुरस्कार के निर्णायकों में फराह, उमंग, गोल्डी

मुंबई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकप्रिय कोरियोग्राफर और फिल्मकार फराह खान और निर्देशक गोल्डी बहल तथा उमंग कुमार के नामों को आगामी टेलीविजन पुरस्कार समारोह ‘स्टार परिवार अवार्ड्स 2016’ के निर्णायकों में शामिल करने की घोषणा की गई है।

ये निर्णायक विभिन्न वर्गो में नामित टेलीविजन जगत के कई सितारों के नामों में से विजेता के नाम का चयन करेंगे।

फराह ने अपने एक बयान में कहा, “मैं इस वर्ष निर्णायक मंडल का हिस्सा बनकर काफी खुश हूं। हम पिछले 15 वर्षो से इस समारोह को देख रहे हैं और इसके प्रशंसक हैं।”

कोरियोग्राफर ने आगे कहा, “मैं और ‘स्टार प्लस’ काफी लंबे समय से साथ काम कर रहे हैं और एक बार फिर इसका हिस्सा बनने पर अच्छा लग रहा है। सभी प्रतिभागी बेहतरीन हैं और इनमें से सर्वश्रेष्ठ का चुनाव करना मुश्किल काम है।”

प्रियंका चोपड़ा अभिनीत फिल्म ‘मैरी कॉम’ का निर्देशन कर सुर्खियों में आए फिल्मकार उमंग का कहना है कि फराह और गोल्डी के साथ निर्णायक मंडली का हिस्सा बनना उनके लिए काफी सम्मान की बात है।

चैनल के साथ अपने काम के बारे में गोल्डी ने कहा, “इतनी सारी चीजों और वीडियो को देखने के बाद उनमें से विजेता के नाम का चयन करना है। यह पुरस्कार समारोह काफी मुश्किल होने वाला है। आशा है कि सबसे अच्छा करने वाला ही जीते।”

अनेरी वजानी को इस समारोह की मेजबान के तौर पर देखा जाएगा और इसका आयोजन 27 अप्रैल को होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493