लॉस एंजेलिस, 10 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में पुलिस की बर्बरता की घटनाओं का विरोध करते हुए रैपर्स स्नूप डॉग और द गेम ने लॉस एंजेलिस पुलिस डिपार्टमेंट (एलएपीडी) के मुख्यालय तक एक शांतिपूर्ण मार्च की अगुवाई की।
वेबसाइट ‘एसशोबिज डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च शुक्रवार को आयोजित किया गया, जिसमें 100 से भी अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। यह मार्च उसी दिन आयोजित किया गया, जिस दिन एलएपीडी में नई भर्तियां होने वाली थीं।
गेम ने इंस्टाग्राम पर अपनी और डॉग की एक तस्वीर साझा की। उन्होंने एक टीशर्ट पहनी हुई थी, जिस पर ‘एच.यू.एन.टी.’ (हंट) लिखा था।
रैपर ने सभी वर्गो के लोगों से ‘ऑपरेशन एच.यू.एन.टी.’ यानी ‘हंट अस नॉट टुडे’ और ‘हेट अस नॉट टुडे’ में शामिल होने का आह्वान किया।
डॉग ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने एलएपीडी मुख्यालय तक मार्च करने के कारण का खुलासा किया।
उन्होंने वीडियो में कहा, “सड़कों पर मार्च शुरू करने से पहले नए भर्ती किए गए लोगों के साथ कुछ बातचीत करना चाहते थे, ताकि वे जान सकें कि हम भी उनके जैसे ही हैं और हम जीने की और कुछ समझ हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।”
स्नातक समारोह के बाद दोनों रैपर्स ने लॉस एंजेलिस के मेयर एरिक गार्सेटी, पुलिस प्रमुख चार्ली बेक और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से निजी मुलाकात की।
dharmpath.com dharmpath