नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। किफायती विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने अपने संचालन के 11 साल पूरे होने पर मंगलवार को एक नई बिक्री योजना पेश की।
कंपनी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, ‘एनीवर्सरी सेल’ ऑफर के तहत यात्री घरेलू मार्ग पर 511 रुपये तक के न्यूनतम आधार किराए पर एक ओर की यात्रा कर सकेंगे और अंतर्राष्ट्रीय मार्ग पर 2,111 रुपये के न्यूनतम आधार किराए पर एक ओर की यात्रा कर सकेंगे। इस किराए में सांविधिक कर और शुल्क शामिल नहीं है।
कंपनी ने कहा, “आज शुरू हुई तीन दिवसीय बिक्री योजना 19 मई, 2016 के मध्य रात तक खुली रहेगी। इस योजना के तहत लिए गए टिकट पर देश में 15 जून, 2016 से 30 सितंबर, 2016 तक और अंतर्राष्ट्रीय मार्ग पर 1 जून, 2016 से 20 जुलाई, 2016 तक यात्रा की जा सकेगी।”
कंपनी ने कहा कि यह योजना सिर्फ स्पाइसजेट नेटवर्क के अंतर्गत सीधी उड़ानों के लिए है।
बयान के मुताबिक, कंपनी की वरिष्ठ वाणिज्य उपाध्यक्ष शिल्पा भाटिया ने कहा, “हम हर भारतीय के आकाश में उड़ने के स्वप्न को पूरा करने के 11 साल का जश्न मना रहे हैं और अब तक की यात्रा लाजवाब रही है।”
उन्होंने कहा, “यह विशेष किराया योजना अपने महत्वपूर्ण ग्राहकों के प्रति आभार जताने का हमारा तरीका है, जिन्होंने कंपनी के कायाकल्प में हमारा साथ दिया।”
कंपनी अभी 41 गंतव्यों के लिए 306 दैनिक उड़ानों का संचालन करती है। इन गंतव्यों में 35 घरेलू और छह अंतर्राष्ट्रीय हैं।
dharmpath.com dharmpath