नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। केरल के स्पाइस रूट्स लक्जरी क्रूज के सिनमन हाउसबोट ने प्रतिष्ठित दक्षिण एशियाई पर्यटन पुरस्कार (एसएटीए) हासिल किया। उसे यह पुरस्कार हाउसबोट पर उपलब्ध लक्जरी सुविधाओं के लिए दिया गया है।
यहां जारी एक बयान के अनुसार, ‘अग्रणी हाउसबोट’ के लिए पुरस्कार श्रीलंका के माउंट लैविनिया होटल में आयोजित एक विशेष रंगारंग समारोह में एसएटीए के उपाध्यक्ष तुआन साबिर वैफूर के द्वारा स्पाइस रूट्स लक्जरी क्रूज के निदेशकों स्कारिया जोस और जोबिन जे. अक्करकलाम को प्रस्तुत किए गए। इस समारोह में मालदीव, श्रीलंका और भारत से पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बयान में जोबिन ने कहा है, “केरल के लुभावने बैकवाटर्स अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित पर्यटक आकर्षण रहे हैं। हमने यात्रियों को एक शानदार अनुभव प्रदान करने के लिए नौकाओं को सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस लक्जरी हाउसबोटों में तब्दील कर दिया है।”
बयान के अनुसार, साटा (एसएटीए) मल्टी- नेशनल संगठनों के द्वारा समर्थित अब तक का पहला क्षेत्रीय यात्रा पुरस्कार है जो दक्षिण एषियाई क्षेत्र के पर्यटन क्षेत्र को उनकी उत्कृष्ट सुविधाओं और सेवाओं के लिए मान्यता प्रदान करता है। दक्षिण एशियाई पर्यटन पुरस्कार का उद्देश्य मालदीव, श्रीलंका और भारत में पर्यटन उद्योग के सेवा मानकों को प्रोत्साहित करना और बढ़ाना है।
साटा (एसएटीए) के तहत 39 श्रेणियों में 10 खंडों में पुरस्कार के लिए प्रतिस्पर्धा होती है। इस वर्ष की प्रतियोगिता के लिए तीन देशों से 260 प्रविष्टियां प्राप्त हुई है।
स्कारिया ने कहा, “श्रीलंका और मालदीव पर्यटन के क्षेत्र में अत्यधिक प्रतिस्पर्धी हैं। पुरस्कार दर्शकों के लिए हमारे द्वारा प्रदान किये जा रहे बेहतर अनुभव का प्रमाण है। इससे हमारे केरल पर्यटन के द्वारा प्रदान किये जा रहे विविध आकर्षणों पर भी रोशनी डालने में मदद मिलेगी।”
dharmpath.com dharmpath