लॉस एंजेलिस, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्मकार स्टीवन स्पीलबर्ग की अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन के दस्तावेजों से संबंधित कहानी पर आधारित फिल्म 22 दिसंबर को सीमित रूप से कुछ सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में टॉम हैंक्स और मेरिल स्ट्रीप के होने की चर्चा है।
वेबसाइट ‘वेराइटी डॉट कॉम’ के मुताबिक, गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स के प्रसारण के एक हफ्ते बाद 12 जनवरी 2018 को देशभर के सिनेमाघरों में बड़े पैमाने पर यह फिल्म रिलीज की जाएगी।
माना जा रहा है कि इस फिल्म में हैंक्स समाचारपत्र वाशिंगटन पोस्ट के संपादक बेन ब्रैडली का किरदार निभाएंगे जबकि स्ट्रीप प्रकाशक कैथरीन ग्राहम के किरदार में नजर आएंगी।
दोनों वाशिंगटन पोस्ट में निक्सन प्रशासन की आपत्तियों के बावजूद वियतनाम युद्ध में अमेरिका की भागीदारी के गोपनीय इतिहास को प्रकाशित करने का फैसला करते हैं।
ट्वेंटीएथ सेंचुरी फॉक्स इस फिल्म का वितरण कर रही है।
स्टूडियो ने जेनिफर लारेंस अभिनीत जासूसी पर आधारित फिल्म ‘रेड स्पैरो’ को दो मार्च 2018 को रिलीज किए जाने की घोषणा की है। फ्रांसिस लारेंस इस फिल्म के निर्देशक हैं।
dharmpath.com dharmpath