स्पेनिश लीग : रियल ने जीती मेड्रिड डर्बी

मेड्रिड, 10 फरवरी (आईएएनएस)। रियल मेड्रिड ने स्पेनिश लीग के 23वें दौर के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार रात यहां एटलेटिको मेड्रिड को 3-1 से शिकस्त दी।

इस अहम जीत के बाद रियल 45 अंकों के साथ तालिका में दूसरे पायदान पर पहुंच गया है जबकि एटलेटिको 44 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर खिसक गई है।

बीबीसी के अनुसार, रियल के लिए इस मैच में कैसिमीरो, सर्जियो रामोस और गैरेथ बेल ने गोल किए जबकि मेजबान टीम के लिए एकमात्र गोल फ्रेंच फारवर्ड एंटोनी ग्रीजमैन ने दागा।

मुकाबले की शुरुआत से ही रियल ने बेहतरीन खेल दिखाया। इस सीजन के पहले हाफ में खराब फार्म से जूझ रही रियल ने सैंटियागो सोलारी के मार्गदर्शन में बेहतर प्रदर्शन किया है और एटलेटिको के खिलाफ भी टीम ने शानदार खेल दिखाया।

रियल के लिए मैच का पहला गोल 16वें मिनट में आया। मिडफील्डर कैसिमीरो ने 18 गज के बॉक्स के अंदर से वॉली पर शानदार बाइसाइकिल किक लगाकर मेहमान टीम को बढ़त दिला दी।

एटलेटिको भी बराबरी करने में कामयाब रही। 25वें मिनट में ग्रीजमैन ने एंजेल कोरेरा के पास पर गोल करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।

पहला हाफ समाप्त होने पहले मेहमान टीम मुकाबले में दोबारा बढ़त बनाने में कामयाब रही। 42वें मिनट में विनिसियस जूनियर को एटलेटिको के खिलाड़ी ने बॉक्स में गिरा दिया जिसके कारण रियल को पेनाल्टी मिली। रामोस ने पेनाल्टी को गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।

रियल दूसरे हाफ में मेजबान टीम पर पूरी तरह से हावी नजर आई। उसने लगातार अटैक किए और एटलेटिको के काउंटर अटैक को भी रोकने में सफलता पाई।

मैच के 74वें मिनट में मेहमान टीम को एक बार फिर सफलता मिली। इस बार विंगर गैरेथ बेल ने गोल करते हुए स्कोर 3-1 कर दिया। यह रियल के बेल का 100वां गोल था।

इसके छह मिनट बाद एटलेटिको के खिलाड़ी थॉमस पार्टी को दूसरा पीला कार्ड मिलने के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा जिसने मेजबान टीम की वापसी की उम्मीदें भी खत्म कर दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493