स्पेनिश लीग : वेलेंसिया ने चैम्पियंस लीग के लिए क्वालीफाई किया

वालाडोलिड, 19 मई (आईएएनएस)। स्पेनिश लीग के 38वें दौर के मैच में वेलेंसिया ने यहां रियल वालाडोलिड को मात देकर 2019-20 सीजन के लिए यूरोपीय चैम्पियंस लीग में जगह बनाई।

‘ईएसपीएन’ के अनुसार, वेलेंसिया ने इस मुकाबले को 2-0 से अपने नाम किया। मेहमान टीम इस जीत के बाद 61 अंकों के साथ चौथे पायदान पर रही।

गटाफे ने विल्लारियल के खिलाफ 2-2 से रोमांचक ड्रॉ खेला जिसके कारण उसे पांचवें पायदान से ही संतोष करना पड़ा। वेलेंसिया ने लगातार दूसरे सीजन चैम्पियंस लीग के लिए क्वालीफाई किया है।

वालाडोलिड के घरेलू मैदान पर खेले गए इस मैच में शुरू से ही वेलेंसिया का दबदबा देखने को मिला। दोनों टीमों ने 50-50 प्रतिशत बॉल पोजेशन रखा, लेकिन मेहमान टीम गेंद पर अधिक सहज नजर आई।

पहले हाफ में 36वें मिनट में वेलेंसिया ने बेहतरीन मूव बनाया और कार्लोस सोलर ने 18 गज के बॉक्स के अंदर से आसान सा गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिला दी।

एक गोल से पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ की शुरुआत में ही वालाडोलिड को दूसरा झटका लगा।

मैच के 52वें मिनट में स्पेनिश खिलाड़ी रोर्डिगो मिडफील्डर दानी परेहो के पास पर गोल करते हुए वेलेंसिया की बढ़त को दोगुना कर दिया।

अंतिम 10 मिनटों में मेजबान टीम ने अपने अटैक में तेजी लाई, लेकिन इसका उन्हें कोई खास लाभ नहीं हुआ।

इस हार के बाद वालाडोलिड 41 अंकों के साथ 16वें स्थान पर रही।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493