स्पेन के मुख्य कोच लोपेतेगुई बर्खास्त (लीड-1)

मेड्रिड, 13 जून (आईएएनएस)। स्पेन ने फीफा विश्व कप की शुरुआत से एक दिन पहले ही अपने मुख्य कोच जुलेन लोपतेगुई की बर्खास्तगी की घोषणा की है।

बीबीसी के अनुसार, स्पेन फुटबाल महासंघ (आरएफईएफ) ने कहा कि उन्हें 51 वर्षीय लोपतेगुई के रियल मेड्रिड के साथ हुए करार की जानकारी पहले मिली होती तो स्थिति कुछ और हो सकती थी। लेकिन यह जानकारी छिपाई गई और इस कारण लोपतेगुई को कोच पद से हटाना पड़ा है।

उल्लेखनीय है कि रियल ने लोपतेगुई को मंगलवार को मुख्य कोच के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की थी। वह फीफा विश्व कप टूर्नामेंट के बाद जिनेदिन जिदान के स्थान पर रियल क्लब के कोच पद की जिम्मेदारी संभालने वाले थे।

इस कदम के बारे में स्पेन फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष लुइस रुबियालेस ने कहा, “मुझे पता है कि यह स्थिति काफी खराब है। मैं जो भी करूं, उसके लिए मुझे आलोचना झेलनी पड़ेगी। आशा है कि समय रहते यह हमें और भी मजबूत बनाएगी।”

लुइस ने कहा, “मैं लोपतेगुई की प्रशंसा करता हूं और उनका सम्मान भी। वह शीर्ष स्तर के प्रशिक्षक हैं और इसी कारण हमारे लिए यह फैसला लेना बहुत मुश्किल था। आप इस प्रकार से विश्व कप की शुरुआत से दो-तीन दिन पहले ऐसी चीजें नहीं कर सकते, लेकिन हमें इस फैसले के लिए मजबूर होना पड़ा।”

लोपतेहुई ने साल 2016 में स्पेन के मुख्य कोच पद का कार्यभार संभाला था। ऐसे में उनके मार्गदर्शन में खेले गए 20 में से 14 मैचों में स्पेन ने जीत हासिल की थी और बाकी छह मैच उसके ड्रॉ रहे थे।

रूस में 14 जून से विश्व कप शुरू हो रहा है और स्पेन अपने अभियान की शुरुआत 15 जून को पुर्तगाल के खिलाफ खेले जाने वाले मैच से करेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493