मेड्रिड, 3 जनवरी (आईएएनएस)। हाल में जारी किए गए एक सर्वेक्षण से खुलासा हुआ है कि स्पेन में साइकिलिंग सर्वाधिक खेला जाने वाला खेल है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, स्पेन के शिक्षा, संस्कृति एवं खेल मंत्रालय ने रविवार को स्पेनिश वासियों की बीते वर्ष खेल अभिरूचियों पर किया गया यह सर्वेक्षण जारी किया।
हालांकि स्पेन के लिए यह बहुत चौंकाने वाला नहीं है, जिसने दुनिया को मिगुएल इंदुरायन और एल्बटरे कोंटाडोर जैसे दिग्गज साइकिलिस्ट दिए।
मिगुएल पांच बार टूर डी फ्रांस के विजेता रहे हैं।
सर्वेक्षण के अनुसार 63 फीसदी स्पेनिशवासियों के पास कम से कम एक साइकिल है, जबकि वयस्कों की बात करें तो 55.9 फीसदी लोगों ने साइकिल ले रखी है। वहीं 59.3 फीसदी लोगों के पास किसी न किसी तरह की गेंद है।
जिन लोगों के पास गेंद है उनमें से 51 फीसदी लोगों के पास फुटबाल है, जबकि 27 फीसदी लोगों के पास बास्केटबॉल है।
टेनिस दिग्गज राफेल नडाल के इस देश में 54.1 फीसदी लोगों के पास किसी न किसी तरह की रैकेट है। रैकेट में टेनिस, टेबल टेनिस, स्क्वॉश या बैडमिंटन के रैकेट शामिल हैं। बैडमिंटन की लोकप्रियता के पीछे इसी वर्ष विश्व चैम्पियन बनकर उभरीं सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त कैरोलीना मारिन का योगदान है।
स्पेन के 38.7 फीसदी वासियों ने जहां साइकिलिंग अपनाने की बात कही, वहीं 38.5 फीसदी लोगों ने तैराकी को अपनाया। टहलना या पर्वतारोहड़ अपनाने वालों का प्रतिशत 31.9 फीसदी रहा, जबकि 30.4 फीसदी लोग दौड़ लगाना पसंद करते हैं तथा 29 फीसदी लोग व्यायाम भी करते हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि अपने सभी रूपों में फुटबाल खेलने वालों का प्रतिशत सिर्फ 22.4 रहा।
स्पेन में बड़ी संख्या में गोल्फ कोर्स होने के बावजूद यह खेल अभी भी बहुत ही छोटी आबादी में लोकप्रिय पाया गया और सर्वेक्षण के अनुसार स्पेन की सिर्फ तीन फीसदी आबादी ही गोल्फ क्लब पर हाथ आजमाती है।
dharmpath.com dharmpath