मुंबई, 9 मई (आईएएनएस)। टीवी धारावाहिक ‘स्वरागिनी’ में मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति की भूमिका निभा रहे अभिनेता वरुण कपूर ने कहा कि धारावाहिक में संस्कार की भूमिका उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण है और इसके लिए वह पहले से काफी पूर्वाभ्यास कर रहे हैं।
संस्कार मानसिक रूप से विक्षिप्त है और कोलकाता में रहने वाले एक प्रतिष्ठित मारवाड़ी माहेश्वरी परिवार से ताल्लुक रखता है।
माहेश्वरी परिवार पारंपरिक रीति-रिवाजों को मानने वाला परिवार है, जिसके मुखिया दुर्गाप्रसाद माहेश्वरी बच्चों की पढ़ाई से लेकर उनकी शादी तक परिवार का हर फैसला लेते हैं। संस्कार को परिवार से बेदखल कर दिया जाता है, क्योंकि वह परिवार की ज्यादतियों का विरोध करता है।
वरुण ने एक बयान में कहा, “संस्कार का किरदार सचमुच चुनौतीपूर्ण है और मैं लोगों की प्रतिक्रिया जानने के लिए बेसब्र हो रहा हूं। किरदार को समझने के लिए मैंने बहुत पूर्वाभ्यास किया था, ताकि अपनी भूमिका के साथ न्याय कर सकूं।”
कलर्स चैनल पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक ‘स्वरागिनी’ में हेली शाह, तेजस्विनी प्रकाश वयंगंकर, तनिमा सेन, परिणिता बोरठाकुर और सचिन त्यागी भी काम कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath