ब्रसेल्स, 8 जून (आईएएनएस)। नाटो के महासचिव ने गुरुवार को संघर्षग्रस्त राष्ट्र अफगानिस्तान में संघर्षविराम योजना के एक हिस्से के रूप में तालिबानी आतंकवादी समूह से हथियार डालने और अफगान सरकार के समन्वयक के साथ वार्ता में शामिल होने का आग्रह किया।
‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार, जेन्स स्टोलेनबर्ग ने ब्रसेल्स में प्रेस को संबोधित करते हुए यह बात कही। अफगान राष्ट्रपति द्वारा तालिबान के साथ अस्थाई संघर्ष विराम की घोषणा के बाद स्टोलेनबर्ग ने यह आग्रह किया।
स्टोलेनबर्ग ने कहा, “समाधान प्राप्त करने का एकमात्र तरीका वार्ता की मेज पर आना है और इसके लिए हम समर्थन प्रदान करना जारी रखेंगे। मैं एक रचनात्मक संवाद के लिए तालिबान से संघर्षविराम में शामिल होने और हथियार डालने का आग्रह करता हूं।”
उन्होंने अफगान राष्ट्रपति के कदम को शांति की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में वर्णित किया और कहा कि गठबंधन अफगानिस्तानियों द्वारा खुद की जाने वाली सुलह प्रक्रिया का समर्थन करेगा।
dharmpath.com dharmpath