हनीमून के लिए वियना रोमांटिक शहर

वियना, 14 फरवरी (आईएएनएस)। शाही महलों, भव्य संग्रहालयों, विशाल बागों और आकर्षक कॉफी हाउसों के कारण यहां आने वाले वियना को खूबसूरत रोमांटिक शहर करार देते हैं।

इस शहर में उन युगलों एवं नवविवाहितों के लिए बहुत कुछ उपलब्ध है जो परियों की कहानी जैसे परिवेश में इतिहास, संस्कृति, राजसी ठाठ, महलों और बहुत से अन्य आकर्षणों के बीच अपने हनीमून का आनंद लेना चाहते हैं।

थोड़ी निजता की तलाश कर रहे, प्रेम में डूबे नवविवाहितों को छोटे पत्थरों से बनी हुई निराली गलियां, घुमावदार सड़कें, अंतरंग नौका यात्रा और पुराने शहर में तोरणों से सजे चौक निश्चित रूप से लुभाएंगे और अलौकिक अनुभव प्रदान करेंगे।

वसंत आते ही वियना में जादुई बदलाव हो जाता है। हनीमून का आनंद लेने वालों के लिए इससे सुंदर परिवेश क्या होगा, जहां सैकड़ों पार्को और हरियाली से रंगों की निखरी हुई छटा उनकी अनुभूतियों को सराबोर कर रही हो और रूमानी झुकाव को जगा रही हो।

यहां वॉक्सगार्टन में 400 से ज्यादा किस्म के गुलाब खिलते हैं, जो इसे एक पुष्पित स्वर्ग बना देते हैं और लिलैक अपनी सुगंध दूर-दूर तक फैलाते हैं।

रूमानियत में खोये लोगों के लिए यहां बहुत सी और भी चीजें हैं। वे परंपरागत घोड़ा गाड़ी फियाकर की सवारी कर सकते हैं, जो उनकी यात्रा को और रसपूर्ण बनाते हुए उन्हें खुशी-खुशी महलों, हवेलियों और वास्तुकला के श्रेष्ठ नमूनों की यात्रा करने का अवसर देती है।

ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना के बाहरी छोर पर आप अंगूर के बगीचे और शहर का अद्भुत नजारा पाएंगे। वियना की कोई यात्रा तब तक पूरी नहीं होगी, जब तक यहां के पारंपरिक कॉफी हाउसों, जैसे सैशेर, सेंट्रल, ग्राइंडस्टीड्ल, म्युजियम और स्पर्ल वगैरह में न जाएं। ये साल 2011 से यूनेस्को की सांस्कृतिक विरासत में शुमार किए गए हैं। यहां कई तरह के लुभावने केक, पेस्ट्री एवं पेय मिलते हैं।

वियना पर्यटन बोर्ड के निदेशक नॉर्बर्ट केटनर ने आईएएनएस से कहा, “वियना के समकालीन आकर्षणों एवं युवा भारतीय यात्रियों के लिए बहुत कुछ उपलब्ध है। वियना एक रोमांटिक विवाह स्थल भी हो सकता है, जो हनीमून पर आए युगल को परीकथा के रोमांस का परिवेश उपलब्ध कराता है।”

साल 2015 में वियना जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या रिकार्ड 40,355 रही, जिसमें वर्ष 2014 से 49.5 फीसदी की वृद्धि हुई है। बीते वर्ष कुल रात्रि विश्राम की संख्या 89,628 रही है, जिसमें वर्ष 2014 से 38.7 फीसदी की वृद्धि हुई है।

वियना में हर पसंद और रुझान के लिए कुछ-न-कुछ उपलब्ध है। संगीत-प्रेमियों के लिए इस शहर में हर साल 15,000 कंसर्ट होते हैं, जो मोजार्ट, बीथोवन और स्ट्रॉस जैसे महान संगीतकारों की परंपरा को जीवित रखते हैं। इतिहास में रुचि रखने वाले वियना के 27 किलों एवं 163 महलों का भ्रमण कर सकते हैं। सांस्कृतिक रुचि वाले यहां के 107 विश्व-स्तरीय संग्रहालयों में से चुनाव कर सकते हैं। इसी तरह 120 संगीत एवं नाट्य मंच होने से नाट्य-प्रेमियों के पास भी विकल्पों की कोई कमी नहीं है।

वियना पर्यटन बोर्ड में भारत और इटली के लिए मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने वाली जनसंपर्क प्रमुख इजाबेला रॉटर कहती हैं, “बढ़ती लोकप्रियता को देखकर वियना पर्यटन बोर्ड युवा यात्रियों और हनीमून वाले युगलों पर खास ध्यान दे रहा है।”

वियना में जगह-जगह विशुद्ध शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराने वाले भारतीय रेस्तरां भी हैं, जो यात्रा के दौरान घर जैसे भारतीय भोजन की तलाश पूरी करते हैं। अंग्रेजी बोलने वाले होटल कर्मचारी और गाइड भी उपलब्ध होने से मदद मिलती है। साथ ही यहां के हलचल भरे रात्रि-जीवन (नाइटलाइफ), संग्रहालयों और खरीदारी के अनुभव का क्या कहना!

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493