हमारी तुलना पुरुष खिलाड़ियों से न करें : मिताली

लंदन, 23 जून (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने इस बात को स्पष्ट किया है कि महिला खिलाड़ियों का अपना अलग वर्चस्व है और उनकी तुलना पुरुष खिलाड़ियों से न की जाए।

उल्लेखनीय है कि मिताली की टीम शनिवार से महिला विश्व कप टूर्नामेंट का आगाज करेगी।

एक समारोह में शामिल मिताली से जब भारत और पाकिस्तान की टीमों में से उनके पसंदीदा खिलाड़ी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने पत्रकार को करारा जवाब दिया।

मिताली ने कहा, “क्या आप पुरुष क्रिकेट खिलाड़ियों से भी यही सवाल करते हैं? क्या आप उनसे पूछते हैं कि महिला क्रिकेट खिलाड़ियों में से उनकी पसंदीदा कौन हैं? मुझसे हमेशा यह सवाल किया जाता है। आपको पुरुष क्रिकेट खिलाड़ियों से भी ऐसा ही सवाल करना चाहिए।”

कप्तान मिताली ने इस बात पर भी जोर दिया कि महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को वह लोकप्रियता नहीं मिल पाती, जो पुरुष खिलाड़ियों को मिलती है।

उन्होंने कहा, “हमारी और उनकी लोकप्रियता में बहुत अंतर है, क्योंकि हमारे मैच नियमित रूप से टेलीविजन पर नहीं दिखाए जाते। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अब एक प्रयास कर पिछले दो घरेलू सीरीज को प्रसारित किया था। इससे काफी सुधार हुआ है, लेकिन अभी हमें अपनी असली पहचान हासिल करने के लिए काफी कुछ करना है।”

महिला क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम का सामना 24 जून को इंग्लैंड से डर्बी के काउंटी ग्राउंड पर होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493