हमास ने पीएलओ को सौंपा अराफात का घर

गाजा, 11 नवंबर (आईएएनएस)। फिलिस्तीनी इस्लामी संगठन हमास ने मंगलवार को फिलिस्तीन के दिवंगत राष्ट्रपति यासिर अराफात का घर फिलिस्तीन लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन (पीएलओ) को सौंप दिया। इस घर पर हमास का बीते आठ सालों से कब्जा था।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, हमास नेता गाजी हमाद ने यासिर अराफात फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल को घर सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पीएलओ की कार्यकारी समिति और फिलिस्तीनी संगठन फतह की केंद्रीय समिति के सदस्य जकरिया अल-आगा ने किया।

घर सौंपने का यह कार्यक्रम फिलिस्तीन पुलिस की निगरानी में हुआ और इसमें कई फिलिस्तीनी दल शामिल हुए।

इस घर में अराफात की तस्वीरें, उनकी सैन्य पोशाक, उनके निजी हथियार, फर्नीचर और अन्य चीजें हैं।

अल-आगा ने कार्यक्रम में कहा, “राष्ट्रपति अराफात ने अपना जीवन फिलिस्तीन के लिए लगा दिया। वह हमेशा राष्ट्रीय एकता की बात करते थे।”

अल-आगा ने यासिर अराफात के उस लक्ष्य पर ध्यान देने पर जोर दिया जिसमें जेरूशलम राजधानी वाले आजाद फिलिस्तीन के गठन की बात कही गई है।

हमास ने फिलिस्तीन नेशनल अथॉरिटी से सशस्त्र संघर्ष के बाद 2007 में गाजा पट्टी पर कब्जा कर लिया था। अल-आगा ने हमास से आग्रह किया कि वह फिलिस्तीनियों में आपसी फूट को खत्म करने के लिए व्यावहारिक कदम उठाए।

फतह क्रांतिकारी परिषद के अध्यक्ष फैसल अबु शाहला ने कहा कि इतने साल बाद अराफात के घर में दाखिल हो पाना बेहद भावुक क्षण है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493