हमें जीत का पूरा भरोसा था : हार्दिक पांड्या

मुंबई, 15 मई (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल-8 में गुरुवार रात मुंबई इंडियंस की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले और मैन ऑफ द मैच चुने गए हार्दिक पांड्या ने कहा कि उनकी टीम को शुरू से ही भरोसा था कि वे अपने स्कोर का बचाव करने में कामयाब होंगे।

हार्दिक ने इस मैच में 31 गेंदों में 61 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसकी बदौलत मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 171 रन बनाए। जवाब में नाइट राइडर्स निर्धारित ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 166 रन ही बना सके।

मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में हार्दिक ने कहा, “रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ मैच को छोड़ दें तो हम पूरे टूर्नामेंट में अच्छी गेंदबाजी करते रहे हैं। हमे मालूम था कि 171 रनों का बचाव किया जा सकता है। हमें बस अच्छी गेंदबाजी करनी थी और हम ऐसा करने में कामयाब रहे।”

हार्दिक ने आखिरी ओवर में कीरन पोलार्ड द्वारा की गई शानदार गेंदबाजी की भी तारीफ की।

हार्दिक ने कहा, “उनका ओवर बहुत महत्वपूर्ण रहा। पोलार्ड ने पहले यूसुफ पठान को पवेलियन भेजा और फिर पीयूष चावला के सामने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए हमें जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।”

मुंबई इंडियंस अपने आखिरी लीग मैच में रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेंगे। प्लेऑफ में स्थान सुनिश्चित करने के लिए मुंबई इंडियंस को हर हाल में यह मैच जीतना होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493