सरांस्क (रूस), 20 जून (आईएएनएस)। कोलंबिया के खिलाफ 2-1 से जीत हासिल कर फीफा विश्व कप का विजयी आगाज करने वाली जापानी टीम के नए कोच अकीरा निशिनो ने कहा कि टीम अभी इस जीत का जश्न नहीं मनाएगी।
कोच ने कहा कि उनकी टीम इस जश्न को आगे के मैचों में मिलने वाली जीत के लिए बचा कर रखेगी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, निशिनो ने मैच के बाद कहा, “यह केवल एक मैच था। हम यहां सड़क पर एक परेड का आयोजन कर सकते हैं, लेकिन अभी हमें और भी मैच खेलने हैं। इसलिए, अभी इस जश्न को हम आगे की जीत के लिए बचा कर रखेंगे।”
जापान के 63 वर्षीय कोच ने कहा, “हमने इस मैच से पहले काफी तैयारी की थी और अच्छा काम किया था। हर खिलाड़ी ने अपना सर्वश्रेष्ठ मैच खेला था। खासकर दूसरे हाफ में। हमने गेंद पर अच्छा नियंत्रण हासिल किया था और इसीलिए हम दूसरा गोल दाग पाए।”
निशिनो ने कहा, “यह जीत अच्छी थी, लेकिन अभी हमें ग्रुप स्तर के दूसरे और तीसरे मैच को भी खेलना है और ये मैच मुश्किल होंगे। हमें तैयार रहना होगा।”
जापान का अगला ग्रुप मैच 24 जून को सेनेगल से होगा और 28 जून को उसका मुकाबला पोलैंड से होगा।
dharmpath.com dharmpath