हरजीत के नेतृत्व में जोहोर कप खिताब बचाने उतरेगी भारतीय टीम

नई दिल्ली, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। शानदार फॉर्म में चल रहे मिडफील्डर हरजीत सिंह अगले महीने मलेशिया के जोहोर बाहरू में होने वाले सुल्तान जोहोर कप खिताब की बचाव करने के लिए चयनित 18 सदस्यीय भारतीय जूनियर हॉकी टीम का नेतृत्व संभालेंगे।

सुल्तान ऑफ जोहोर कप का पांचवां संस्करण 11 से 18 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा।

सोमवार को घोषित की गई भारतीय टीम का उप-कप्तान दिप्सान तिर्की को बनाया गया है तथा हरेंद्र सिंह टीम के कोच होंगे।

पिछले वर्ष खिताब जीतने वाली टीम के अधिकांश सदस्य इस टीम में शामिल हैं।

भारतीय टीम 11 अक्टूबर को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी।

पहले राउंड में भारतीय टीम को पाकिस्तान के अलावा अर्जेटीना (14 अक्टूबर), मेजबान मलेशिया (15 अक्टूबर) और आस्ट्रेलिया (17 अक्टूबर) का सामना करना होगा।

हॉकी इंडिया (एचआई) की ओर से जारी वक्तव्य में हरजीत ने कहा, “हम मौजूदा चैम्पियन हैं और टीम के सभी खिलाड़ी खिताब का बचाव करने को उत्साहित हैं। हम खुद पर किसी तरह के दबाव को हावी नहीं होने देंगे। टीम शानदार फॉर्म में है और अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन करने के लिए आत्मविश्वास से लबरेज है।”

कोच हरेंद्र सिंह ने भी टीम को लेकर विश्वास व्यक्त किया है कि वे टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करेंगे और अभी टीम का पूरा ध्यान पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच पर है।

हरेंद्र सिंह ने कहा, “सभी खिलाड़ी टूर्नामेंट को लेकर आत्मविश्वास से लबरेज हैं और हमारा लक्ष्य खिताब बचाना है। हमारा पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ है और हमारी टीम पहले मैच को लेकर जोश से भरी हुई है। भारत ने हर टीम को ध्यान में रखकर तैयारी की है।”

भारतीय जूनियर हॉकी टीम :

गोलकीपर : सूरज कारकेरा, विकास दहिया।

डिफेंडर : वरुण कुमार, दिप्सान तिर्की (उप-कप्तान), आनंद लाकड़ा, विक्रमजीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह।

मिडफील्डर : नीलकांत शर्मा, हरजीत सिंह (कप्तान), संता सिंह, सिमरनजीत सिंह, मनप्रीत।

फॉरवर्ड : अरमान कुरैशी, गुरजंत सिंह, अजय यादव, परविंदर सिंह, सुमित कुमार, अजित कुमार पांडेय।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493