हरारे टी-20 : भारत ने 10 विकेट की जीत के साथ हिसाब बराबर किया (लीड-2)

हरारे, 20 जून (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने सोमवार को अपने हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।

इसके साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। हरारे में ही शनिवार को हुए पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे ने भारत को दो रनों से चौंकाने वाली जीत दर्ज की थी।

उल्लेखनीय है कि यह टी-20 फॉरमेट में भारत की पहली 10 की जीत है।

जिम्बाब्वे ने भारत के सामने 100 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे उसने 13.1 ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। मंदीप सिंह 52 और लोकेश राहुल 47 रनों पर नाबाद लौटे। भारत को 41 गेंदें शेष रहते जीत मिल गई।

मंदीप ने 40 गेदों पर छह चौके लगाए जबकि अपने पदार्पण मैच में शून्य पर आउट होने वाले राहुल ने 40 गेंदों का सामना कर दो चौके और इतने ही छक्के लगाए।

अपने करियर का दूसरा मैच खेल रहे मंदीप और राहुल ने मेजबान गेंदबाजों को खुद पर हावी होने का एक भी मौका नहीं दिया और मैदान के हर कोने में शॉट्स लगाते हुए अपनी टीम को बेहद आसान जीत दिलाई।

इससे पहले, हरारे में पदार्पण करने वाले बरेंदर सरन (10-4) और जसप्रीत बुमराह (11-3) की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने जिम्बाब्वे को 99 रनों पर रोक दिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 99 रन ही बना सकी। उसकी ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज पीटर मूर ने सबसे अधिक 31 रन बनाए।

भारत की ओर से अपना पहला टी-20 मैच खेल रहे सरन और बुमराह के अलावा धवल कुलकर्णी और यजुवेंद्र चहल को भी एक-एक सफलता मिली। कुलकर्णी ने भी टी-20 पदार्पण किया।

भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के आगे जिम्बाब्वे के सिर्फ पांच बल्लेबाज दहाई तक पहुंच सके। 32 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाने वाले मूर के अलावा चामू चिबाबा और हेमिल्टन मासाकाड्जा ने 10-10 रन बनाए।

इसके अलावा मैक्लम वॉलर ने 14 तथा डोनाल्डो तिरिपोनो ने 11 रनों की नाबाद पारी खेली। पहले टी-20 में शानदार अर्धशतक लगाकर जिम्बाब्वे को 170 रनों तक पहुंचाने वाले एल्टन चिगुम्बुरा आठ रन ही बना सके।

सरन और बुमराह के अलावा अपना पहला टी-20 मैच खेल रहे धवल कुलकर्णी और यजुवेंद्र चहल को भी एक-एक सफलता मिली।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493