मुंबई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता अनिल कपूर का कहना है कि उनका बेटा हर्षवर्धन उनसे अधिक मेहनती है और वह इस बात से काफी हैरान हैं।
अनिल ने कहा कि लोग उन्हें अक्सर कहते रहते हैं कि उनसे अधिक मेहनती कोई नहीं है, लेकिन अपने बेटे की मेहनत से वह वाकई में हैरान हैं।
टेलीविजन शो ’24’ के सीक्वल की स्क्रीनिंग में अनिल ने कहा, “मुझे लगता है कि वह मुझसे अधिक मेहनती हैं, जो काफी हैरानी वाली बात है, क्योंकि लोग अक्सर मुझसे कहते हैं कि मैं अधिक मेहनती हूं और मुझसे अधिक कोई नहीं हो सकता। लेकिन मैं निश्चित तौर पर कह सकता हूं कि वह (हर्षवर्धन) काफी मेहनती हैं।”
अभिनेता की बेटी सोनम कपूर ने अपने अभिनय के दम पर बॉलीवुड में एक अलग पहचान बना ली है और दूसरी बेटी रिया निर्माता हैं।
अनिल ने कहा कि वह अपने बेटे के बारे में अधिक बात नहीं करते। कुछ लोगों को पता भी चल पाता कि हर्षवर्धन उनके बेटे हैं। लोगों को हमेशा यही लगता है कि उनकी सिर्फ दो बेटियां हैं और इसलिए उनके बेटे के बारे में सुनकर कई लोग हैरान रह जाते हैं।
हर्षवर्धन अभिनीत फिल्म ‘मिर्जिया’ सात अक्टूबर को रिलीज हो रही है।
dharmpath.com dharmpath