‘हसीना’ में श्रद्धा व सिद्धांत की भूमिका दाऊद-बहन की

मुंबई, 8 जून (आईएएनएस)। अभिनेता शक्ति कपूर ने इस बात की पुष्टि की है कि उनकी बेटी श्रद्धा कपूर और बेटा सिद्धांत कपूर बायोपिक ‘हसीना’ में हसीना पार्कर और उसके भाई कुख्यात गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के किरदार में नजर आएंगे।

अपनी फिल्म ‘दिल साला सनकी’ के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर शक्ति कपूर ने कहा, “वे दोनों ‘हसीना’ में काम करेंगे। इसमें असल जिंदगी की भाई-बहन की जोड़ी पर्दे पर भी भाई-बहन की भूमिका में नजर आएगी। श्रद्धा हसीना की भूमिका निभाएंगी, जबकि सिद्धांत दाऊद के किरदार में नजर आएंगे।”

खबरें हैं कि पहले सोनाक्षी सिन्हा को हसीना पार्कर की भूमिका के लिए चुना गया था, लेकिन उन्हें शायद तारीखों की समस्या के कारण फिल्म छोड़नी पड़ी थी।

फिल्म का निर्देशन ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ से मशहूर हुए निर्देशक अपूर्व लखिया करेंगे।

श्रद्धा फिलहाल ‘ओके जानू’ की शूटिंग कर रही हैं। जल्द ही वह ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ के साथ ही ‘रॉक ऑन 2’ की भी शूटिंग करेंगी। इन तीनों फिल्मों के बाद वह ‘हसीना’ की शूटिंग कर सकती हैं।

श्रद्धा को आखिरी बार ‘बागी’ में देखा गया था और सिद्धांत ‘जज्बा’ में दिखाई दिए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493