विना डेल मार (चिली), 21 जून (आईएएनएस)। अर्जेटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी दुनिया भर के फुटबाल प्रशंसकों और दूसरी टीमों के खिलाड़ियों के बीच भी कितने लोकप्रिय हैं, इसकी एक बानगी कोपा अमेरिका टूर्नामेंट में देखने को मिली।
दरअसल, जमैका के खिलाफ अर्जेटीना की 1-0 की जीत के तत्काल बाद जमैका के स्ट्राइकर डेशहोर्न ब्राउन ने मेसी के साथ तस्वीर खिंचाने की पेशकश की। मेसी ने भी ब्राउन का दिल नहीं तोड़ा और ‘सेल्फी’ लिए राजी हो गए।
अर्जेटीना इस मैच में जीत के साथ कोपा अमेरिका के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गया।
ब्राउन ने इसके बाद इस तस्वीर को इंटरनेट पर साझा किया और लिखा, “हमें मैच में नतीजे अच्छे नहीं मिले लेकिन मुझे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी से मिलने का मौका जरूर मिल गया। मेसी के खिलाफ खेलने का अनुभव शानदार रहा। मेसी और अर्जेटीना को टूर्नामेंट के बाकी मैचों के लिए शुभकामनाएं।”
मेसी ने मैच के बाद अपने दो जर्सी भी जमैका के फुटबाल खिलाड़ियों को भेंट किए।
dharmpath.com dharmpath