चेन्नई, 21 मई (आईएएनएस)। कमल हासन अभिनीत तमिल-तेलुगू फिल्म ‘थूनगावनम’ की पहली झलकी 25 मई को रिलीज करने की योजना है।
फिल्म निर्माण से जुड़े एक सूत्र ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया, “पहली झलकी का फोटो शूट कल (बुधवार) चेन्नई में हुआ। टीम ने इसे फिल्म की शूटिंग शुरू होने के एक दिन बाद 25 मई को रिलीज करने का फैसला किया है। फिल्म की शूटिंग 24 मई को हैदराबाद में शुरू होगी।”
फिल्म का निर्देशन कमल हासन के सहयोगी राजेश ए. सेल्वा करेंगे। इसमें अभिनेत्री तृषा कृष्णन और प्रकाश राज मुख्य भूमिका में हैं।
‘थूनगावनम’ रोमांच से भरपूर फिल्म बताई गई है, जिसमें कमल हासन पुलिसकर्मी की भूमिका में होंगे। पूरी फिल्म सिर्फ एक रात की कहानी लिए होगी।
कहा गया है कि बॉलीवुड अभिनेत्री मनीषा कोईराला से इसमें कमल हासन की पत्नी की भूमिका निभाने के लिए संपर्क किया गया है।
dharmpath.com dharmpath