नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। फिल्म ‘हिंदी मीडियम’ में दंभी शिक्षा सलाहकार की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री तिलोतमा शोम का कहना है कि जब पहली बार उनको इस फिल्म में उनके किरदार के बारे में बताया गया, तो उसकी व्याख्या एक बेहद खतरनाक महिला के रूप में की गई। उनसे कहा गया कि यह महिला ‘बिट आफ अ बिच’ (खतरनाक कुतिया जैसी) है।
तिलोतमा ने ईमेल के जरिए आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में बताया, “हनी त्रेहन ने मुझे ‘हिंद मीडियम’ में सलाहकार का किरदार करने के लिए बुलाया। उन्होंने मुझे बताया कि यह किरदार बिट आफ अ बिच जैसा है और आप इसके लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं..(मैंने लंबी चुप्पी साध ली) इस पर वह बोलीं कि मेरा मतलब है कि आपका चेहरा रहस्यमय है और कोई नहीं बता सकता कि आप क्या सोच रही हैं। यह इस किरदार के लिए अच्छा होगा।”
अभिनेत्री ने कहा, “यह सुनकर मैं खूब हंसी। लेकिन वह चाहते थे कि मैं यह किरदार करूं , क्योंकि यह फिल्म हास्य व व्यंग्य से भरपूर है और किरदार को अच्छी तरह से बनना संवरना, अमीर और शहरी नजर आना था और उन्हें लगा कि यह उन अभिनेत्रियों के स्टीरियोटाइप (परंपरागत) किरदारों से अलग होगा जो अक्सर गंभीर, गरीब, देहाती, कार्यकर्ता या नौकरानी के किरदार में नजर आती हैं।”
अभिनेत्री पटकथा पढ़े बिना ही फिल्म ‘हिंदी मीडियम’ में काम करने के लिए तैयार हो गईं।
तिलोतमा ने बताया कि हनी त्रेहन की ईमानदारी और उनका (तिलोतमा) भला करने की सोच ने उनके दिल को छू लिया।
फिल्म ‘हिंदी मीडियम’ मौजूदा शिक्षा प्रणाली पर करारा व्यंग्य करती है। फिल्म एक ऐसे दंपति के बारे में हैं, जो अपनी बेटी का दाखिला अंग्रेजी माध्यम के बढ़िया स्कूल में कराने के लिए काफी भागदौड़ करते हैं।
साकेत चौधरी निर्देशित व अभिनेता इरफान खान और पाकिस्तानी अभिनेत्री सबा कमर अभिनीत इस फिल्म ने 19 मई को रिलीज होने के बाद से 37.35 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
कहानी के आधार पर यह फिल्म निश्चित रूप से बदलाव की बयार लाने वाली फिल्म मानी जा रही है। यह बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
तिलोतमा इससे पहले फिल्म ‘किस्सा’ में इरफान के साथ काम कर चुकी हैं, जिसमें वह उनके पिता बने थे।
अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म ‘हिंदी मीडियम’ में उन्होंने ऐसी महिला का किरदार निभाया है जो खुद को श्रेष्ठ समझती है और ऐसी सामाजिक पृष्ठभूमि से आती है, जिसके कारण वह आसानी से अंग्रेजी बोल लेती है।
dharmpath.com dharmpath