हिमाचल का बीर बिलिंग पैराग्लाइडिंग विश्व कप के लिए तैयार

बीर बिलिंग (हिमाचल प्रदेश) , 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा घाटी में स्थित बीर बिलिंग में 23 अक्टूबर से पैरा-ग्लाइडिंग विश्व कप का आयोजन होगा। भारत में पहली बार हो रहे इस प्रतिष्ठित आयोजन में भारत समेत 40 देशों के 135 पायलट हिस्सा लेंगे। बीर बिलिंग इस आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है।

इस आयोजन में यूरोप, एशिया और अफ्रीका सहित दुनिया भर के शीर्ष पैरा-ग्लाइडरों ने भागीदारी की पुष्टि कर दी है। बीते दिनों दिल्ली में विश्व कप के शुभंकर तथा ट्रॉफी का भी अनावरण किया गया था। कांगड़ा घाटी में पाए जाने वाले स्नो लेपर्ड (बर्फिले चीते) को इसका शुभंकर बनाया गया है।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकारण (एएआई) इस आयोजन का मुख्य प्रायोजक है। बिलिंग पैरा-ग्लाइडिंग संघ ने दुनिया के दूसरे सबसे अच्छे ग्लाइडिंग साइट पर होने वाले होने वाले इस आयोजन के लिए कई प्रमुख प्रायोजकों का सहयोग और समर्थन प्राप्त किया है।

कांगड़ा से 40 किलोमीटर दूर स्थित बीर बिलिंग में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में होने वाले इस सप्ताह भर के आयोजन के दौरान एयरो स्पोर्ट्स के विभिन्न स्वरूपों की झलक देखने को मिलेगी।

इस प्रतियोगिता में एशिया-ओसेनिया के तीन शीर्ष पैराग्लाइडर तथा अफ्रीका के दो प्रमुख पैराग्लाइडर हिस्सा लेंगे। साथ ही इस क्षेत्र की सर्वाधिक सफल दो महिला पायलटों के अलावा दुनिया के शीर्ष चार वरीयता प्राप्त पायलटों में से तीन अपना करतब दिखाएंगे।

बिलिंग में 23 अक्टूबर से भारतीय चुनौती भी देखने को मिलेगी। देश के सबसे अनुभवी घरेलू पायलटों में से एक अजय कुमार स्थानीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। भारतीय टीम में अजय के अलावा गुरप्रीत ढींढसा, ज्योति ठाकुर, अरविंद पाल, प्रकाश चंद, गौतम नाथ और संजय कुमार शामिल हैं।

भारतीय टीम में पांच पायलट भी शामिल हैं, जो हिमाचल के निवासी हैं। इनकी मौजूदगी प्रशिक्षण और अभ्यास के दौरान स्थानीय परिस्थितियों को समझने में भारतीय टीम की मदद करेगी। बिलिंग में पैरा-ग्लाइडर अधिकतम 4500 मीटर की ऊंचाई हासिल कर सकते हैं और 200 किलोमीटर के उड़ान क्षेत्र का लुत्फ ले सकते हैं।

बिलिंग पेरा-ग्लाइडिंग संघ के अध्यक्ष और हिमाचल प्रदेश के शहरी, आवास, नगर एवं राष्ट्र योजना के मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वह भारत पैरा-ग्लाइडिंग विश्व कप की मेजबानी करने वाला दक्षिण एशिया का पहला देश बन गया है।

शर्मा के मुताबिक बिलिंग में होने वाले इस आयोजन में दुनिया भर के 465 फ्री-फ्लायर भी जुटेंगे और उनकी मौजूदगी बिलिंग को एक श्रेष्ठ ग्लाइडिंग गंतव्य के रूप में स्थापित करेगा। शर्मा ने यह भी कहा कि बिलिंग इस आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। आयोजन से जुडी़ सारी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493