हिलेरी का राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनना तय (राउंडअप)

वाशिंगटन, 7 जून (आईएएनएस)। अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने डेमोकेट्रिक पार्टी की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की जंग लगभग जीत ली है। इस तरह उनका अमेरिका के 240 वर्षो के इतिहास में ऐसी पहली महिला बनना तय हो गया है जो प्रमुख राजनीतिक दल के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनने जा रहीं हैं।

इस खबर के आने के कुछ ही घंटे बाद हिलेरी को प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट नेता नैंसी पेलोसी का भी समर्थन मिल गया। उनका संबंध कैलीफोर्निया से है जहां मंगलवार को उम्मीदवार के चयन के लिए मतदान होना है।

पुर्तो रिको में रविवार को दमदार प्रदर्शन के बाद हिलेरी को सुपरडेलीगेट का अतिरिक्त समर्थन भी मिल गया। इस तरह 68 वर्षीय हिलेरी उम्मीदवार बनने की दिशा में शीर्ष पर पहुंच गईं हैं।

सीएनएन की खबर के अनुसार, हिलेरी को 1812 प्लेज्ड डेलीगेट और 572 सुपर डेलीगेट का समर्थन हासिल है। इस तरह उनके पास कुल 2384 प्रतिनिधि हैं। यह संख्या उम्मीदवारी पाने के लिए जरूरी संख्या से एक अधिक है।

सुपर डेलीगेट वे प्रतिनिधि होते हैं जिन्हें कंवेंशन में शामिल होकर यह बताते का अधिकार होता है कि वे किसे उम्मीदवार के रूप में चाहते हैं। इन्हें पार्टी की उम्मीदवारी के लिए बहुमत हासिल नहीं कर पाने की स्थिति में किसे उम्मीदवार बनाना है, यह तय करने का भी हक होता है।

प्लेज्ड डेलीगेट वे होते हैं जिन्हें राज्य या स्थानीय स्तर पर चुना जाता है और जो डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में अपने पहले से तय उम्मीदवार के पक्ष में अपना मत देते हैं।

हिलेरी के समर्थक प्रतिनिधियों की संख्या मंगलवार को तब और बढ़ेगी जब अधिक प्रतिनिधि वाले कैलीफोर्निया और न्यू जर्सी सहित छह राज्यों में मुकाबला होगा।

कैलीफोर्निया के लांग बीच में सोमवार की रात हिलेरी ने कहा कि उनका ध्यान अब भी राज्यों पर है जहां मंगलवार को मतदाता अपना वोट डालेंगे।

उन्होंने कहा, “हम लोग एक ऐतिहासिक अनोखे क्षण के करीब हैं, लेकिन हमारे पास अब भी काम करने हैं, क्या नहीं करने हैं?” उन्होंने कहा, “कल (मंगलवार) हमारे छह चुनाव हैं और हम यहां कैलिफोर्निया सहित प्रत्येक वोट के लिए कड़ा संघर्ष करने जा रहे हैं।

अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला, न्यूयार्क की सीनेटर और पूर्व विदेश मंत्री आधिकारिक तौर पर अगले माह सम्मेलन में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार बनेंगी और संभावना यही है कि रिपब्लिकन पार्टी के संभावित उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप से आम चुनाव में मुकाबला करेंगी।

ब्लूमबर्ग की खबर के अनुसार, हिलेरी को यह जादूई संख्या राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा फोन पर बर्नी सैंडर्स से करीब आधे घंटे तक बात करने के दूसरे दिन मिली है। उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ आम चुनाव में पार्टी को एकजुट करने की कोशिश के तहत सैंडर्स से बात की थी।

हालांकि, सैंडर्स ने चुनावी दौड़ में बने रहने का संकल्प जताया है और एक प्रतिस्पर्धा वाले सम्मेलन पर बल दिया है।

सैंडर्स ने सोमवार को एक बयान में कहा, हिलेरी के पास उम्मीदवारी हासिल करने के लिए न तो प्लेज्ड प्रतिनिधियों की जरूरी संख्या है और न होगी। उन्होंने कहा, “वह सुपर प्रतिनिधियों पर निर्भर रहेंगी जो 25 जुलाई तक वोट नहीं देंगे और इस अवधि के दौरान वे अपने विचार बदल सकते हैं।”

हिलेरी ने जैसे ही अंतिम बाधा पार की, कैलीफोर्निया के काम्पटन में उन्होंने कहा, “यह एक अद्वितीय यात्रा होगी। एक महिला राष्ट्रपति होने से एक बहुत बड़ा संदेश जाएगा, ऐतिहासिक संदेश कि हम किस तरह के देश हैं और हम किस लिए जाने जाते हैं। यह वास्तव में भावोत्तेजक है।”

खबरों के मुताबिक ओबामा औपचारिक तौर पर इसी हफ्ते हिलेरी के नाम पर अपनी मुहर लगाएंगे।

राष्ट्रपति बुधवार को न्यूयार्क में डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए पैसा जुटाने के कार्यक्रम को भी संबोधित करने वाले हैं।

हाल में जनमत सर्वेक्षण से पता चला है कि ट्रंप की तरह ही हिलेरी भी सर्वाधिक अलोकप्रिय उम्मीदवारों में से एक हैं।

बतौर विदेश मंत्री निजी ईमेल सर्वर के इस्तेमाल के मामले से जुड़े विवाद ने हिलेरी की पारदर्शिता और उनकी ईमानदारी पर सवाल खड़े किए हैं।

रिपब्लिकन पार्टी के लोगों का मानना है कि विदेश मंत्री के रूप में हिलेरी की विदेश नीति का रिकार्ड लीबिया और रूस से व्यवहार को लेकर खराब रहा है। इससे उनके उम्मीदवार को बड़ा लाभ पहुंच सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493