फिलाडेल्फिया, 26 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उम्मीदवार के चयन के लिए डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन (डीएनसी) सोमवार रात शुरू हुआ। इसमें पार्टी की संभावित उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा के साथ-साथ कभी प्रतिद्वंद्वी रहे वरमॉन्ट के सीनेटर बर्नी सैंडर्स का भी समर्थन हासिल हुआ। सैंडर्स के समर्थकों में उस वक्त घोर निराशा देखी गई, जब उन्होंने पार्टी की ओर से उम्मीदवारी के लिए हिलेरी का नाम लिया।
एनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, सैंडर्स ने अपनी हार मानते हुए इसके लिए अफसोस जताया और समर्थकों से राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी को समर्थन देने की अपील की।
सैंडर्स की यह अपील उनके समर्थकों को पसंद नहीं आई। वे बीच-बीच में ‘बर्नी’, ‘वी वान्ट बर्नी’ और ‘टेक इट टू फ्लोर’ जैसे नारे लगा रहे थे।
सैंडर्स ने रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप पर परोक्ष हमला करते हुए कहा, “यह चुनाव ऐसे उम्मीदवार के चयन को लेकर है, जो उस समस्या को समझ सके, जिसका सामना देश कर रहा है और इसका उचित समाधान प्रस्तुत कर सके, न कि सिर्फ लंबी-चौड़ी बातें करे, लोगों के डरों को भुनाए, गाली-गलौच करे और भेदभाव करे।”
उन्होंने कहा, “हमें देश में एक ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो कामकाजी परिवारों, बच्चों, बुजुर्गो, बीमार तथा गरीब लोगों के जीवन स्तर में सुधार ला सके। हमें एक ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो हमें साथ लाए और मजबूत बनाए, न कि ऐसे नेतृत्व की, जो लैटिन अमेरिकियों, मुसलमानों, महिलाओं, अफ्रीकी-अमेरिकी नागरिकों को अपमानित करे और हममें विभेद पैदा करे। इन आधारों पर हिलेरी क्लिंटन को निश्चित तौर पर अमेरिका की राष्ट्रपति बनना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “हिलेरी क्लिंटन असाधारण राष्ट्रपति होंगी और आज मुझे उनका समर्थन करते हुए गर्व हो रहा है।”
सैंडर्स ने जब हिलेरी को समर्थन देने की बात कही तो उनके समर्थकों में निराशा साफ देखी जा सकती थी। यहां मौजूद उनके करीब 1,900 समर्थकों में से कई की आंखों में आंसू थे।
सैंडर्स बड़ी मुश्किल से अपने समर्थकों को मना पाए। समर्थकों का भारी उत्साह देखकर वह भी मंच पर कुछ देर के लिए ठिठक गए थे।
एनबीसी/वाल स्ट्रीट जर्नल मत सर्वेक्षण के अनुसार, सैंडर्स के 76 प्रतिशत समर्थकों ने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप के बजाय हिलेरी को समर्थन देने की बात कही है।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, सैंडर्स ने सोमवार को अपने समर्थकों का गुस्सा शांत करने की काफी कोशिश की। वह समर्थकों को मोबाइल फोन से संदेश भेजते रहे कि किसी भी तरह का प्रदर्शन न करें।
इससे पहले मिशेल ओबामा ने हिलेरी को समर्थन देते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि वह देश का बेहतर नेतृत्व कर सकती हैं।
अमेरिकी राज्य पेन्सिलवेनिया के फिलाडेल्फिया शहर स्थित वेल्स फार्गो सेंटर में मिशेल ने कहा, “हिलेरी छोड़कर भागने वालों में से नहीं हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि पूर्व विदेश मंत्री (हिलेरी) अगले चार या आठ वर्षो के लिए अमेरिका के बच्चों को बेहतर भविष्य दे सकेंगी।”
डीएनसी गुरुवार शाम तक चलेगा। 50 राज्यों के प्रतिनिधि मंगलवार को आधिकारिक तौर पर हिलेरी को राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार चुनेंगे। वह राष्ट्रपति पद के लिए देश की पहली महिला उम्मीदवार होंगी। हिलेरी गुरुवार शाम नामांकन स्वीकार करेंगी।
dharmpath.com dharmpath